370 रुपये की बिरयानी पर बवाल : वायरल वीडियो ने बढ़ाई मुश्किलें, युवक को गंवानी पड़ी नौकरी

गुरुग्राम : सोशल मीडिया पर इन दिनों 370 रुपये की बिरयानी से जुड़ा एक वीडियो खूब चर्चा में है। स्टैंड-अप कॉमेडी शो में कही गई एक बात ने गुरुग्राम के एक युवक की जिंदगी बदल दी। वीडियो वायरल होने के बाद उसे लोगों की आलोचना का सामना करना पड़ा और आखिरकार उसकी नौकरी भी चली गई।
शो में दिए बयान से विवाद शुरू
पूरा मामला कॉमेडियन प्रणीत मोरे के शो का है। शो के दौरान गुरुग्राम निवासी हिमांशु जांगड़ा ने अपने डेटिंग अनुभव के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि वह एक लड़की के साथ खाने पर गए थे, जहां करीब 370 रुपये का बिल आया था। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, "370 रुपये खर्च किए हैं, वसूल तो करूंगा।"
सोशल मीडिया यूजर @MasalaaMinds ने वायरल बयान का वीडियो शेयर किया। देखें वीडियो..
यही बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कई लोगों ने इसे महिलाओं के प्रति अपमानजनक और गलत सोच को बढ़ावा देने वाला बताया। इसके बाद सोशल मीडिया पर हिमांशु की जमकर आलोचना शुरू हो गई।
सोशल मीडिया पर बढ़ा विवाद
वीडियो वायरल होते ही हजारों लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। कई यूजर्स का कहना था कि किसी भी रिश्ते या मुलाकात में खर्च किए गए पैसों के बदले किसी तरह की उम्मीद रखना गलत है। देखते ही देखते यह मामला सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा और लोगों ने हिमांशु के खिलाफ पोस्ट शेयर करना शुरू कर दिया।
विवाद बढ़ने के बाद हिमांशु ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका किसी का अपमान करने का इरादा नहीं था। हालांकि, तब तक मामला काफी बड़ा हो चुका था।
कंपनी ने लिया नौकरी खत्म करने का फैसला
सोशल मीडिया पर लोगों ने उस कंपनी को भी टैग करना शुरू कर दिया, जहां हिमांशु काम करते थे। इसके बाद गुरुग्राम की डिजाइन कंपनी स्टारविक डिजाइन ने मामले की समीक्षा की। कंपनी ने कहा कि वायरल वीडियो में व्यक्त विचार उसके मूल्यों और कार्य संस्कृति से मेल नहीं खाते।
सोशल मीडिया यूजर @MithilaWaaala शेयर किया वीडियो, देखें वीडियो..
हालांकि जांच में हिमांशु के खिलाफ कार्यस्थल पर किसी तरह की शिकायत नहीं मिली। सहकर्मियों ने भी उनके व्यवहार को प्रोफ़ेशनल बताया। इसके बावजूद कंपनी ने अपनी छवि को देखते हुए हिमांशु को नौकरी से हटाने का फैसला लिया।
सोशल मीडिया पर छिड़ी नई बहस
यह मामला अब सिर्फ एक वायरल वीडियो तक सीमित नहीं रहा है। सोशल मीडिया पर इस बात को लेकर बहस छिड़ गई है कि क्या किसी व्यक्ति को एक बयान के आधार पर नौकरी से निकालना सही है। वहीं कुछ लोग इसे सार्वजनिक मंच पर कही गई बातों की जिम्मेदारी से जोड़कर देख रहे हैं।
इस घटना ने सोशल मीडिया की ताकत, ऑनलाइन जवाबदेही, रिश्तों में सम्मान और कॉर्पोरेट जिम्मेदारी जैसे कई मुद्दों पर नई चर्चा शुरू कर दी है।
ऋषिका जैन
दिलचस्प और रोचक खबरों की खोज में रहती हैं। सोशल मीडिया पर चल रही कानाफूसी को न्यूज़ चैनल तक पहुंचाती हैं।
