Rajya Sabha Elections 2026 : मध्यप्रदेश से भाजपा ने महेश केवट पर जताया भरोसा, तीसरे उम्मीदवार होंगे मैदान में

Rajya Sabha Elections 2026: राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए मध्यप्रदेश से भारतीय जनता पार्टी ने अपने तीसरे उम्मीदवार के रूप में महेश केवट के नाम पर मुहर लगा दी है। महेश केवट वर्तमान में मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष हैं। उनके नाम पर अंतिम सहमति मुख्यमंत्री निवास पर हुई भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक में बनी।
सीएम हाउस में बनी अंतिम सहमति
भाजपा के तीसरे राज्यसभा प्रत्याशी को लेकर 7 जून, रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर करीब एक घंटे तक बैठक चली। बैठक में वरिष्ठ नेताओं के बीच व्यापक चर्चा के बाद महेश केवट के नाम पर सहमति बनी। देर रात उनके नाम को अंतिम रूप दे दिया गया।
भाजपा के दो उम्मीदवार पहले ही दाखिल कर चुके हैं नामांकन
राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए भाजपा उम्मीदवार तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल 6 जून, शनिवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। इसके बाद तीसरे प्रत्याशी को लेकर मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी भाजपा विधायकों को 8 जून तक भोपाल में ही मौजूद रहने के निर्देश दिए।

दिनभर चली राजनीतिक बैठकों का दौर
रविवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कई वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग-अलग दौर की बैठकें कीं। मुख्यमंत्री निवास पर मंत्री राकेश सिंह और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी मुलाकात कर चर्चा की।
इसके अलावा देर शाम भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। इन बैठकों के बाद देर रात महेश केवट के नाम पर अंतिम सहमति बनी।
कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन आज भरेंगी नामांकन
वहीं कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन 8 जून, सोमवार को भोपाल में अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार मौजूद रहेंगे।
कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को नामांकन प्रक्रिया के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए हैं।
नीरज द्विवेदी
5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।
