मंगलवार, 9 जून 202606:46:49 PM
Download App
Home/देश

LIVE UPDATES - MP Rajya Sabha Election : मप्र में तीसरी सीट को लेकर गहमा-गहमी, भाजपा के डर से कांग्रेस ने विधायकों को भेजा बेंगलुरू, अब लौटेंगे 16 जून को

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 09, 2026
10:15 AM
मप्र में तीसरी सीट को लेकर गहमा-गहमी, भाजपा के डर से कांग्रेस ने विधायकों को भेजा बेंगलुरू, अब लौटेंगे 16 जून को

भोपाल। मध्यप्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट को लेकर सियासी पारा हाई है। भाजपा द्वारा महेश केवट को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद कांग्रेस आलाकमान अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए हरकत में आ गया है। इतना ही नहीं कांग्रेस ने अपने विधायकों को तोड़-फोड़ से बचाने के लिए मप्र से बाहर भेजने की रणनीति अपनाई है। पार्टी ने अपने सभी 62 विधायकों को कर्नाटक भेज दिया है। कुछ विधायक अपने परिवार को भी साथ ले गए हैं।

कांग्रेस ने सभी विधायकों को कर्नाटक भेजने के लिए स्टार एयरलाइंस का 72 सीटर विशेष विमान बुक कराया है। बता दें कि कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। लेकिन कांग्रेस को क्रास वोटिंग का डर सता रहा है और वह पर्याप्त विधायक होते हुए भी राज्यसभा चुनाव में अपनी उम्मीदवार को जिताने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। ऐसे में सभी विधायकों को ऐसी कर्नाटक शिफ्ट किया जा रहा है। 16 जून को वोटिंग के लिए सभी विधायकों को वापस लाया जाएगा। इस बीच सभी विधायक बेंगलुरु में एक रिसॉर्ट में ठहरेंगे।

भोपाल में देर रात चली रणनीति बैठक

राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन के बाद भोपाल में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के निवास पर कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक हुई। बैठक में चुनावी गणित, मतदान की रणनीति और विधायकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने विधायकों को अगले दस दिनों तक पूरी तरह चुनावी मोड में रहने के निर्देश दिए। बैठक के बाद तय किया गया कि सभी कांग्रेस विधायक मंगलवार को विशेष विमान से कर्नाटक रवाना होंगे और मतदान तक वहीं रहेंगे।

भाजपा के दांव से बदला सियासी माहौल

तीसरी राज्यसभा सीट पर भाजपा द्वारा महेश केवट को मैदान में उतारने के बाद राजनीतिक समीकरण अचानक बदल गए हैं। भाजपा के इस कदम ने चुनाव को दिलचस्प बना दिया है, जिसके बाद कांग्रेस ने भी अपनी रणनीति को और आक्रामक रूप दिया है। पार्टी किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं दिखाई दे रही।

एकजुटता के दावों के बीच उठ रहे सवाल

कांग्रेस नेता लगातार यह दावा कर रहे हैं कि सभी विधायक पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं। लेकिन यदि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है तो विधायकों को राज्य से बाहर भेजने की जरूरत क्यों पड़ी? यही सवाल अब राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बन गया है।

बैठक में श्योपुर विधायक बाबू जंडेल ने मजाक में चारधाम यात्रा कराने की बात कही, जिससे माहौल हल्का जरूर हुआ, लेकिन इसके पीछे छिपी राजनीतिक बेचैनी भी साफ नजर आई। राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की यह कवायद बताती है कि पार्टी कोई भी चूक करने के लिए तैयार नहीं है।

सिंघार ने अपने विधायकों पर जताया भरोसा, भाजपा को किया आगाह

कांग्रेस विधायकों की शिफ्टिंग को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने सभी विधायकों को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है, लेकिन भाजपा की कथित तोड़-फोड़ की राजनीति को देखते हुए पार्टी सतर्कता बरत रही है।

अपने विधायकों को संभालकर रखे भाजपा : उमंग सिंघार

No photo description available.

उमंग सिंघार ने कहा, यह स्वाभाविक है कि कांग्रेस अपने विधायकों को उस राज्य में ले जाएगी जहां उसकी सरकार है। हमें अपने सभी 62 विधायकों पर पूरा भरोसा है, लेकिन भाजपा की खरीद-फरोख्त और तोड़-फोड़ की राजनीति को देखते हुए हम सजग हैं। भाजपा को अपने विधायकों को संभालकर रखना चाहिए।

सिंघार के इस बयान से राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की सियासत और गर्मा गई है। कांग्रेस जहां अपने विधायकों की एकजुटता का दावा कर रही है, वहीं भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है।

संपर्क से बाहर बीएपी विधायक

Mp News:विवाद के बीच आदिवासी पहचान का सवाल, मंत्री विजय शाह के समर्थन में  आए Bap विधायक कमलेश्वर डोडियार - Mp News: Amidst The Controversy Over  Tribal Identity, Bap Mla ...

राज्यसभा चुनाव को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के विधायक कमलेश्वर डोडियार के अचानक कवरेज से बाहर हो गए हैं। सूत्रों की मानें तो कमलेश्वर डोडियार सोमवार शाम संपर्क से बाहर है। उनके मोबाइल नंबर बंद है। बता दें कि डोडियार भारत आदिवासी पार्टी के इकलौते विधायक हैं और राज्यसभा चुनाव में उनका वोट निर्णायक माना जा रहा है। ऐसे में उनके मोबाइल बंद होने से अब तरह तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

भ्रष्टाचार के पैसे पर भाजपा कर रही राजनीति

कांग्रेस विधायकों ने पार्टी की एकजुटता का दावा करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा। कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह ने आरोप लगाया कि बीजेपी के पास भ्रष्टाचार का पैसा है और इसी के दम पर राजनीति की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा निर्मला सप्रे को लेकर दिया गया बयान सही है और वह बीजेपी के साथ हैं।

वहीं, कांग्रेस विधायक दिनेश गुर्जर ने विधायकों को बाहर भेजे जाने के मुद्दे पर कहा कि अगर पार्टी को किसी तरह का डर होता तो यह कदम पहले ही उठा लिया जाता। बड़वानी विधायक राजन मंडलोई ने कहा कि वह फिलहाल अकेले जा रहे हैं क्योंकि वह एक बैठक में शामिल थे, जबकि परिवार बाद में उनके साथ आएगा।

सभी विधायक एक जुटः नारायण सिंह

कांग्रेस विधायक नारायण सिंह पट्टा ने कहा कि सभी विधायक एकजुट हैं और पार्टी के निर्देशों का पूरी तरह पालन करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी योजनाबद्ध तरीके से डर का माहौल बनाने की कोशिश करती है।

उमंग सिंघार के घर जुटे विधायक, भाजपा पर लगाया खरीद-फरोख्त का आरोप

कांग्रेस विधायकों का नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के निवास पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। इसके बाद कांग्रेस के विधायक कर्नाटक के लिए रवाना होंगे। रवाना होने से पहले विधायकों ने पार्टी की एकजुटता का संदेश दिया और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए।

बीजेपी पर लगाए खरीद-फरोख्त के आरोप

टीवी27 न्यूज से कांग्रेस विधायक दिनेश बॉस ने कहा कि उनके साथियों को पैसों का लालच दिया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस का कोई भी विधायक न बिकेगा और न झुकेगा। उन्होंने कहा, “जिन्हें बिकना था, वे बहुत पहले भाजपा में जा चुके हैं।” विधायकों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी तीखा हमला बोला।

चुनाव से पहले लौटेंगे भोपाल

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे भाजपा से डरकर नहीं, बल्कि सभी विधायकों में एकजुटता बनाए रखने के लिए कर्नाटक जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्यसभा चुनाव से पहले सभी विधायक भोपाल लौट आएंगे।

कुछ विधायक कल जाएंगे बेंगलुरू

सूत्रों की मानें तो कांग्रेस विधायक एक साथ बेंगलुरु रवाना नहीं हो रहे हैं। करीब 5 से 7 वरिष्ठ विधायक आज कर्नाटक नहीं जा रहे हैं। इनमें नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, वरिष्ठ विधायक सतीश सिकरवार और आरिफ मसूद का नाम शामिल है। बताया जा रहा है कि उमंग सिंघार बुधवार को बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे। राजनीतिक गतिविधियों के बीच कुछ विधायक अपने परिवार के साथ भी बेंगलुरु जा रहे हैं। कांग्रेस विधायकों को एकजुट रखने की रणनीति पर काम कर रही है।

कर्नाटक से भोपाल पहुंचा विशेष चार्टर विमान

सूत्रों की मानें तो राज्य सभा चुनाव को लेकर कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व कोई चूक नहीं करना चाहता है। यही वजह है कि विधायकों को राज्य से बाहर से यानि कर्नाटक भेजा जा रहा है। इतना ही नहीं विधायकों को ले जाने के लिए कर्नाटक से एक विशेष चार्टर्ड प्लेन भी भोपाल पहुंच चुका है। वह कांग्रेस विधायकों को लेकर दोपहर 1 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे। सभी विधायक 18 जून तक बेंगलुरु के एक लग्जरी रिजॉर्ट में कड़े पहरे के बीच रहेंगे।

लाइव अपडेट

01:19 PM09 Jun 2026

3 घंटे के इंतज़ार के बाद कांग्रेस को मिली कर्नाटक उड़ान की अनुमति

लगभग तीन घंटे बाद विमान को मिली उड़ान की अनुमति। एयरपोर्ट अथॉरिटी को विमान के उड़ान की अनुमति देने में लगा वक्त। तकनीकी वजहों को बताया गया कारण। अब कांग्रेस विधायक दल को एयरपोर्ट में प्रवेश की अनुमति दी गई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी दबाव बना रही है और षड़यंत्र करके विमान की अनुमति में देरी कर रही है।

12:43 PM09 Jun 2026

मीनाक्षी के नामांकन फार्म पर संकट

 

कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन फार्म पर भाजपा ने बड़ा हमला बोल दिया। ऐसा पेच फंसा है कि उनकी उम्मीदवारी तक संकट में आ सकती है। भाजपा ने रिटर्निंग अफसर के सामने मीनाक्षी नटराजन के नामांकन फार्म पर औपचारिक आपत्ति दर्ज करा दी है। पार्टी का आरोप है कि नटराजन ने फार्म में तेलंगाना की एक अदालत में चल रहे मामले की जानकारी जानबूझकर छिपाई है। इस पर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए भाजपा की आपत्ति को जबरन की गई राजनीति करार दिया। कांग्रेस का कहना है नटराजन के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं है। उन्हें केवल एक कोर्ट नोटिस मिला है। कांग्रेस ने चुनाव आयोग के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि नामांकन फॉर्म में जानकारी तब देनी होती है, जब केस दर्ज हो, नोटिस मिलने पर नहीं। नटराजन के वकील ने भी रिटर्निंग अफसर के सामने यही तर्क रखा और अब इस विवाद का अंतिम फैसला रिटर्निंग अफसर के हाथ में है। इस दौरान विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ । अब सबकी नजरें रिटर्निंग अफसर के फैसले पर टिकी हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें