मंगलवार, 9 जून 202606:31:42 PM
Download App
Home/देश

मोदी सरकार के 12 साल : सीएम मोहन ने की पीएम के नेतृत्व की सराहना, कहा- वह प्रधानसेवक के रूप में देश की कर रहे सेवा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 09, 2026
09:52 AM
सीएम मोहन ने की पीएम के नेतृत्व की सराहना, कहा- वह प्रधानसेवक के रूप में देश की कर रहे सेवा

भोपाल। केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और कार्यशैली की सराहना की है। सीएम ने पीएम मोदी को विकास का सूत्रधार बताते हुए कहा कि उन्होंने कभी खुद को केवल प्रधानमंत्री नहीं माना, बल्कि हमेशा ‘प्रधानसेवक’ के रूप में देश की सेवा की है। इसी भावना के साथ वे राष्ट्रधर्म का पालन करते हुए विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

‘देश ने जताया था भरोसा, मोदी ने निभाया दायित्व’

सीएम डाॅ. यादव ने ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि 12 वर्ष पहले देश की जनता ने उत्साह और अटूट विश्वास के साथ नरेंद्र मोदी को देश की कमान सौंपी थी। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए प्रधानमंत्री ने सेवा, सुशासन और विकास को अपनी कार्यशैली का आधार बनाया। उन्होंने कहा कि मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों की सेवा को ईश्वर की सेवा मानकर काम किया और शासन व्यवस्था में कई नए मानक स्थापित किए।

गरीब, युवा, किसान और महिलाओं को मिला सशक्तिकरण

सीएम यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया। विशेष रूप से गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए अनेक योजनाएं शुरू की गईं। इन पहलों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।

तीन तलाक से मुक्ति और कोविड काल की पहल का किया उल्लेख

सीएम ने अपने संदेश में मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक जैसी प्रथा से मुक्ति दिलाने को ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को मजबूती मिली। वहीं कोविड-19 महामारी के दौरान केंद्र सरकार द्वारा मुफ्त राशन और देशव्यापी मुफ्त टीकाकरण अभियान चलाकर करोड़ों लोगों को राहत और सुरक्षा प्रदान की गई। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने कई देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराकर ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को वैश्विक स्तर पर मजबूत किया।

‘भारत विश्व मंच पर मजबूत शक्ति बनकर उभरा’

डाॅ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत वैश्विक स्तर पर एक सशक्त और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि देश में हुए व्यापक बदलावों के पीछे सरकार की जनकल्याणकारी सोच, संवेदनशील नीतियां और विकासोन्मुख निर्णय हैं। यही कारण है कि आज देश का हर नागरिक अपने सपनों और आकांक्षाओं को साकार होते हुए देख रहा है तथा विकसित भारत का संकल्प तेजी से आकार ले रहा है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें