जेल में स्वास्थ्य जांच के दौरान खुलासा : जांजगीर-चांपा जिला जेल में 4 कैदी एचआईवी पॉजिटिव, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिला जेल में नियमित स्वास्थ्य जांच के दौरान चार कैदियों के एचआईवी संक्रमित पाए जाने का मामला सामने आया है। कैदियों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद जेल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। संक्रमित कैदियों का उपचार शुरू कर दिया गया है, वहीं स्वास्थ्य विभाग संक्रमण के स्रोत और परिस्थितियों की जांच में जुट गया है।
जानकारी के अनुसार, जेल में समय-समय पर कैदियों के स्वास्थ्य परीक्षण कराए जाते हैं। हाल ही में हुई स्वास्थ्य जांच के दौरान सबसे पहले दो कैदियों में एचआईवी संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग और जेल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अन्य कैदियों की भी स्क्रीनिंग कराई। जांच रिपोर्ट आने पर दो और कैदियों में एचआईवी संक्रमण की पुष्टि हुई, जिससे संक्रमित कैदियों की कुल संख्या चार हो गई।
स्वास्थ्य विभाग और जेल प्रशासन सतर्क
मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जेल प्रशासन के साथ मिलकर आवश्यक कदम उठाने शुरू कर दिए। संक्रमित कैदियों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है और उन्हें जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही अन्य कैदियों के स्वास्थ्य पर भी लगातार नजर रखी जा रही है ताकि संक्रमण से संबंधित किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
Rajya Sabha Elections 2026 : मध्यप्रदेश से भाजपा ने महेश केवट पर जताया भरोसा, तीसरे उम्मीदवार होंगे मैदान में
प्रवेश से पहले होती है स्वास्थ्य जांच
जेल अधीक्षक डॉ. डी. टोंडर ने बताया कि जिला जेल में आने वाले प्रत्येक बंदी का स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य रूप से कराया जाता है। इसके तहत ब्लड प्रेशर, शुगर सहित अन्य आवश्यक चिकित्सकीय जांच की जाती हैं। इसके अलावा जेल में निरंतर स्वास्थ्य शिविर और नियमित मेडिकल चेकअप भी आयोजित किए जाते हैं, ताकि कैदियों की स्वास्थ्य स्थिति पर निगरानी रखी जा सके।
बिलासपुर से मिल रही दवाएं, विशेषज्ञों की निगरानी में इलाज
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार एचआईवी संक्रमित पाए गए कैदियों का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह के अनुसार किया जा रहा है। उन्हें बिलासपुर स्थित एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी (ART) केंद्र से आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। चिकित्सा विशेषज्ञों की निगरानी में उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा।
संक्रमण के कारणों की जांच जारी
स्वास्थ्य विभाग की टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संक्रमित कैदियों को एचआईवी संक्रमण कब और किन परिस्थितियों में हुआ। प्रारंभिक स्तर पर संक्रमण के स्रोत और कैदियों के स्वास्थ्य इतिहास की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही संक्रमण से जुड़े तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
विशेषज्ञों का कहना है कि एचआईवी संक्रमण की समय पर पहचान और नियमित उपचार से संक्रमित व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है। ऐसे मामलों में जागरूकता, नियमित जांच और चिकित्सकीय सलाह का पालन करना बेहद जरूरी होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जेल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग कैदियों के बीच स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रम भी चलाने की तैयारी कर रहे हैं।
नीरज द्विवेदी
5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।
