रविवार, 24 मई 202611:03:08 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ मॉर्निंग अपडेट : सीएम का दिल्ली दौरा, युवा कांग्रेस चुनाव, प्रदेश में भीषण गर्मी और किसानों से जुड़ी ख़बरें

आलोक त्रिपाठी

आलोक त्रिपाठी

May 24, 2026
04:27 AM
सीएम का दिल्ली दौरा, युवा कांग्रेस चुनाव, प्रदेश में भीषण गर्मी और किसानों से जुड़ी ख़बरें

छत्तीसगढ़ मॉर्निंग अपडे

सीएम के दिल्ली दौरे का दूसरा दिन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिल्ली दौरे का आज दूसरा दिन है। आज वे दिल्ली के लाल किला मैदान में आयोजित जनजातीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे। देशभर से जनजातीय समाज के प्रतिनिधि कार्यक्रम में पहुंच रहे हैं। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री साय केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर प्रदेश के विकास कार्यों और योजनाओं पर भी चर्चा करेंगे।

युवा कांग्रेस का संगठनात्मक चुनाव

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव कार्यक्रम का आज ऐलान होगा। सुबह 11 बजे रायपुर स्थित राजीव भवन में पत्रकार वार्ता आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, युवा कांग्रेस प्रभारी अमित पठानिया, सह प्रभारी मोनिका मांडरे, प्रदेश चुनाव अधिकारी जसप्रीत सिंह और प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा मौजूद रहेंगे।

भीषण गर्मी का दौर जारी

प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। शनिवार को मौसम शुष्क रहा और कई इलाकों में लू चली। राजनांदगांव में सबसे अधिक 46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों तक कई जिलों में गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई है।

बिजली की खपत बढ़ी

रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग समेत कई शहरों में बिजली की बढ़ती मांग के चलते बिजली खपत रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। ऊर्जा विभाग ने दावा किया है कि प्रदेश में पर्याप्त बिजली उपलब्ध है और कटौती की स्थिति नहीं बनेगी।

खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश

प्रदेश में खरीफ सीजन की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। कृषि विभाग ने बीज और खाद वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश जिलों को जारी किए गए हैं।

आलोक त्रिपाठी
Written By

आलोक त्रिपाठी

खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें