रविवार, 24 मई 202611:10:43 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

हाईटेक हुई छत्तीसगढ़ पुलिस : केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन को मिली हरी झंडी

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

May 24, 2026
06:49 AM
केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन को मिली हरी झंडी

छत्तीसगढ़ में पुलिसिंग और अपराध जांच व्यवस्था को हाईटेक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। रायपुर, बेमेतरा, धमतरी, बलौदाबाजार और महासमुंद समेत कई जिलों में अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन, डायल-112 और हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों को पुलिस विभाग में शामिल किया गया है।करीब 65 लाख रुपये की लागत से तैयार इन हाईटेक फॉरेंसिक वैन में डिजिटल जांच, फिंगरप्रिंट टेस्ट, बैलिस्टिक जांच और लाइव ट्रैकिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं… जिससे अब घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक जांच और साक्ष्य संरक्षण संभव हो सकेगा।

राजधानी रायपुर को मिली FSL

 राजधानी रायपुर में केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराई गई दो अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।इस दौरान पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ल, डायरेक्टर फॉरेंसिक साइंस सुशील द्विवेदी सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।प्रदेशभर के लिए उपलब्ध कराई गई 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन का मुख्य उद्देश्य गंभीर अपराध होने पर फॉरेंसिक टीम को सीधे घटनास्थल तक पहुंचाना है… ताकि समय रहते सबूत सुरक्षित किए जा सकें और साक्ष्यों से छेड़छाड़ रोकी जा सके।इन हाईटेक वैन में क्राइम सीन प्रिजर्वेशन किट, फिंगरप्रिंट डिटेक्शन सिस्टम, नारकोटिक्स परीक्षण किट, डिजिटल फॉरेंसिक सपोर्ट, हाई क्वालिटी फोटोग्राफी सिस्टम, बैलिस्टिक जांच किट और बुलेट होल स्क्रीनिंग जैसी अत्याधुनिक तकनीकें मौजूद हैं।

बेमेतरा पुलिस को मिली मोबाइल फॉरेंसिक वैन

वहीं बेमेतरा पुलिस को भी अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन की सौगात मिली है।जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एसपी रामकृष्ण साहू ने हरी झंडी दिखाकर इस हाईटेक वैन को रवाना किया।करीब 65 लाख रुपये की लागत से तैयार इस मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट में घटनास्थल संरक्षण किट, जीएसआर परीक्षण किट, डिजिटल फॉरेंसिक सपोर्ट, हाई क्वालिटी फोटोग्राफी सिस्टम और लाइव लोकेशन ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।अब घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संग्रहण और डिजिटल डॉक्यूमेंटेशन संभव हो सकेगा.जिससे जांच की गुणवत्ता और गति दोनों में बड़ा सुधार आएगा।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इससे साक्ष्यों के प्रभावित होने की संभावना खत्म होगी और अपराधों की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को बड़ी मदद मिलेगी।

धमतरी जिले में भी एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन

इधर धमतरी जिले में भी एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन को पुलिस विभाग में शामिल किया गया है। यह हाईटेक यूनिट घटनास्थल पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट जांच, डिजिटल और भौतिक साक्ष्य संरक्षण, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी जैसे वैज्ञानिक कार्य मौके पर ही करेगी।पुलिस का मानना है कि इससे जांच अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष होगी… और अदालत में अपराधियों के खिलाफ मजबूत प्रमाण पेश किए जा सकेंगे।

बलौदाबाजार-भाटापारा CG Dial-112 सेवा

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में “नेक्स्ट जेन CG Dial-112” सेवा की शुरुआत हो गई है।छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री टंकराम वर्मा ने 12 अत्याधुनिक डायल-112 वाहन, 2 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन और 1 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इन स्मार्ट वाहनों में स्मार्टफोन, जीपीएस, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा, डैश कैम, मोबाइल एनवीआर और सोलर बैकअप जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।इन तकनीकों की मदद से घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रियल टाइम ट्रैकिंग और त्वरित संचार सुनिश्चित किया जाएगा।यह सेवा 24 घंटे संचालित होगी, और नागरिक कॉल, एसएमएस, व्हाट्सएप, ईमेल, वेब पोर्टल, चैटबॉट और SOS-112 इंडिया ऐप के जरिए भी मदद ले सकेंगे।

महासमुंद जिले 19 नई हाईटेक गाड़ियां

महासमुंद जिले में भी पुलिस विभाग को 19 नई हाईटेक गाड़ियां मिली हैं।इनमें 15 वाहन डायल-112 सेवा और 4 वाहन हाईवे पेट्रोलिंग के लिए शामिल हैं।नई गाड़ियों में बोलेरो नियो प्लस, बोलेरो नियो, बोलेरो और स्कॉर्पियो वाहन शामिल हैं।खास बात यह है कि कोतवाली के लिए आई गाड़ी में अत्याधुनिक पीटीजेड टॉप माउंटेड कैमरा लगाया गया है,जिससे जिला मुख्यालय की निगरानी अब तीसरी आंख से होगी। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में विधायक, कलेक्टर और एसपी ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मोबाइल फॉरेंसिक वैन और स्मार्ट पुलिसिंग तकनीक के जरिए अब छत्तीसगढ़ में अपराध जांच का तरीका पूरी तरह बदलने जा रहा है.जहां एक तरफ इमरजेंसी रिस्पॉन्स तेज होगा.वहीं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचना भी अब पुलिस के लिए आसान होगा यानि अब अपराधियों के लिए बचना मुश्किलऔर न्याय प्रक्रिया होगी पहले से ज्यादा मजबूत. 

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें