रविवार, 24 मई 202610:01:23 PM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश मॉर्निंग अपडेट : सीधी में दर्दनाक हादसा, UCC पर जनसंवाद शुरू, सीएम का बैंगलुरु दौरा और सिंगरौली को 552 करोड़ की सौगात

आलोक त्रिपाठी

आलोक त्रिपाठी

May 24, 2026
02:54 AM
सीधी में दर्दनाक हादसा, UCC पर जनसंवाद शुरू, सीएम का बैंगलुरु दौरा और सिंगरौली को 552 करोड़ की सौगात

मध्यप्रदेश मार्निंग अपडेट - हाजिर है कुछ मुख्य खबरों के साथ....

सीधी में दर्दनाक हादसा: तीन मासूम बच्चों की मौत

मध्यप्रदेश के सीधी जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गोपद बनास तहसील के ग्राम कसिहवा, ग्राम पंचायत बघवारी में बिजली के पोल में हुए शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए रामरतन साकेत के घर तक पहुंच गई। हादसे में उनकी दो बेटियां कुमारी घुम्मु उर्फ संध्या साकेत (6 वर्ष), कुमारी रिद्धि (करीब डेढ़ वर्ष) और बेटा नागेंद्र (करीब 3 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

मध्यप्रदेश में UCC पर जनसंवाद शुरू, इंदौर से हुई पहल

मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। राज्य सरकार द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति ने आमजन से सुझाव और राय लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसकी शुरुआत इंदौर से हुई, जहां जाल सभागृह में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति विभिन्न वर्गों से चर्चा कर सुझाव जुटाएगी, जिसके आधार पर आगे की रूपरेखा तय की जाएगी।

सीएम मोहन यादव आज बैंगलुरु दौरे पर

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव 24 मई को कर्नाटक के बैंगलुरु दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह सिंगरौली से रीवा पहुंचेंगे, जहां से वे बैंगलुरु के लिए रवाना होंगे। बैंगलुरु पहुंचने के बाद वे स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद दोपहर में वे श्री श्री रविशंकर आश्रम स्थित आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर पहुंचेंगे और “आर्ट ऑफ लिविंग वैश्विक सम्मेलन” में शामिल होंगे।

सिंगरौली को 552 करोड़ की सौगात

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सिंगरौली जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। उन्होंने 552 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश की 24 लाख महिलाओं के खातों में तीन महीने की करीब 115 करोड़ रुपये की अनुदान राशि ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के विकास और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।

आलोक त्रिपाठी
Written By

आलोक त्रिपाठी

खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें