नर्मदापुरम में डोली धरती : अचानक कंपन से दहशत में आए ग्रामीण, तीव्रता कम होने से रही राहत की बात

इटारसी। नर्मदापुरम जिले के आदिवासी विकासखंड केसला में सोमवार रात भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। अचानक धरती में कंपन महसूस होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सतर्क रहने की अपील की है।
चिचवानी और छीतापुरा में महसूस हुआ कंपन
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 9ः38 बजे केसला विकासखंड के ग्राम चिचवानी और छीतापुरा के लोगों ने हल्का कंपन महसूस किया। कई ग्रामीण उस समय अपने घरों और आंगनों में मौजूद थे। अचानक जमीन और मकानों में कंपन महसूस होने पर लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि कंपन बंद होने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
वैज्ञानिक संस्थानों ने की पुष्टि
मौसम केंद्र भोपाल और नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार क्षेत्र में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.8 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र बिंदु 22.367 डिग्री उत्तर अक्षांश और 77.688 डिग्री पूर्व देशांतर पर स्थित था। इसकी गहराई जमीन के भीतर लगभग 10 किलोमीटर मापी गई।
प्रशासन ने शुरू की निगरानी
एसडीएम नीलेश शर्मा ने बताया कि भूकंप की पुष्टि होने के बाद राजस्व अमले को क्षेत्र की स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है और अब तक किसी नुकसान की सूचना नहीं मिली है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी पर भरोसा नहीं करने की अपील की है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
