LSG vs PBKS : पंजाब किंग्स के लिए करो या मरो का मुकाबला, लखनऊ से इकाना में भिड़ंत

आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के लिए अब हर मैच फाइनल जैसा बन चुका है। शानदार शुरुआत के बाद टीम का प्रदर्शन अचानक गिर गया और लगातार 6 हार ने प्लेऑफ की राह मुश्किल कर दी। अब पंजाब किंग्स का अगला मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ है, जिसे टीम के लिए करो या मरो की टक्कर माना जा रहा है।
प्लेऑफ में पहुंचने के लिए क्या करना होगा?
पंजाब किंग्स को प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए पहले लखनऊ सुपर जायंट्स को हराना होगा। इसके बाद टीम को मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के मुकाबले के नतीजे पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। अगर पंजाब यह मैच हार जाता है, तो टीम का सफर लगभग खत्म हो जाएगा।
लखनऊ के खिलाफ अच्छा रहा है रिकॉर्ड
हालांकि पंजाब के लिए राहत की बात यह है कि टीम का रिकॉर्ड लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अच्छा रहा है। पंजाब लगातार पिछले तीन मुकाबलों में लखनऊ को हरा चुकी है। इस सीजन की पहली भिड़ंत में भी पंजाब ने जीत दर्ज की थी।
मिचेल मार्श बाहर, अब जोश इंगलिस पर नजर
लखनऊ सुपर जायंट्स का सीजन भले ही खराब रहा हो, लेकिन टीम के बल्लेबाजों ने कई मैचों में दमदार प्रदर्शन किया है। मिचेल मार्श शानदार फॉर्म में थे और हाल के मैचों में बड़ी पारियां खेल चुके हैं। हालांकि वह अब टीम से बाहर हो गए हैं और पंजाब के खिलाफ नहीं खेलेंगे। ऐसे में अब सबकी नजर जोश इंगलिस पर रहेगी। उन्होंने सिर्फ 4 पारियों में 194 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट भी काफी शानदार रहा है।
पंजाब के युवा बल्लेबाज की फॉर्म चिंता का कारण
पंजाब किंग्स के युवा ओपनर प्रियांश आर्या की फॉर्म टीम के लिए चिंता बढ़ा रही है। शुरुआती मैचों में शानदार बल्लेबाजी करने वाले प्रियांश पिछली कुछ पारियों में रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए हैं। खास तौर पर शॉर्ट गेंदों पर उन्हें लगातार परेशानी हो रही है। लखनऊ के तेज गेंदबाज इसी कमजोरी का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।
इकाना स्टेडियम की पिच कैसी रहेगी?
लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच इस सीजन बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए मददगार रही है। यहां खेले गए मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को ज्यादा सफलता मिली है। ऐसे में टॉस भी मैच में अहम भूमिका निभा सकता है।
दोनों टीमों के लिए अहम मुकाबला
पंजाब किंग्स के लिए यह मैच प्लेऑफ की उम्मीदों को बचाने का मौका है, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स खराब सीजन के बावजूद पंजाब का खेल बिगाड़ने के इरादे से उतरेगी। ऐसे में शनिवार का मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
ऋषिका जैन
दिलचस्प और रोचक खबरों की खोज में रहती हैं। सोशल मीडिया पर चल रही कानाफूसी को न्यूज़ चैनल तक पहुंचाती हैं।
