मंगलवार, 9 जून 202606:46:49 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

टी20 मुंबई में सूर्या के बल्ले ने तोड़ी खामोशी, : 36 गेंद में खेली 72 रन विस्फोटक पारी, आलोचकों को मिला करारा जवाब

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 09, 2026
08:18 AM
36 गेंद में खेली 72 रन विस्फोटक पारी, आलोचकों को मिला करारा जवाब

मुंबई। भारतीय टी20 टीम की कप्तानी गंवाने और इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे के लिए चयन नहीं होने के बाद सूर्यकुमार यादव ने मैदान पर अपने प्रदर्शन से आलोचकों को जवाब दिया है। टी20 मुंबई 2026 में ट्रायम्फ्स नाइट्स एमएनई की ओर से खेलते हुए उन्होंने एमएससी मराठा रॉयल्स के खिलाफ नाबाद 72 रन की विस्फोटक पारी खेली और अपनी टीम को टूर्नामेंट की पहली जीत दिलाई।

35 वर्षीय स्टार बल्लेबाज ने महज 36 गेंदों में यह पारी खेली और साबित कर दिया कि टी20 क्रिकेट में उनका प्रभाव अभी भी बरकरार है। इससे पहले भी वह शानदार लय में दिखे थे और सोबो मुंबई फाल्कन्स के खिलाफ 24 गेंदों में 48 रन बनाए थे, हालांकि उस मुकाबले में उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा था।

मुश्किल शुरुआत के बाद सूर्या ने संभाली कमान

ट्रायम्फ्स नाइट्स एमएनई की रनचेज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने से टीम दबाव में आ गई थी। ऐसे समय में पांचवें ओवर में बल्लेबाजी के लिए उतरे सूर्यकुमार यादव ने पहली ही गेंद पर चैका लगाकर अपने इरादे साफ कर दिए।

इसके बाद उन्होंने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए श्रेयस गुरव के एक ओवर में लगातार तीन चैके लगाए और मैच का रुख बदल दिया। उनकी बल्लेबाजी ने विपक्षी टीम पर दबाव बढ़ा दिया और रनगति को तेज कर दिया।

नूतन गोयल के साथ मैच जिताऊ साझेदारी

सूर्यकुमार यादव को नूतन कुमार गोयल का अच्छा साथ मिला। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। 12वें ओवर तक टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंच चुका था।

सूर्यकुमार ने सिर्फ 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि नूतन गोयल ने 36 गेंदों में फिफ्टी जड़ी। दोनों के बीच हुई साझेदारी ने मराठा रॉयल्स की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया। हालांकि 15वें ओवर में नूतन 56 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन तब तक जीत ट्रायम्फ्स नाइट्स एमएनई की झोली में जाती दिख रही थी।

प्लेयर ऑफ द मैच बने, सेमीफाइनल की उम्मीदें कायम

अंत में सूर्यकुमार यादव ने चैका लगाकर मैच खत्म किया और अपनी टीम को 6 विकेट से शानदार जीत दिलाई। टीम ने लक्ष्य चार ओवर शेष रहते हासिल कर लिया, जिससे उसका नेट रन रेट भी बेहतर हुआ।

सूर्यकुमार को उनकी दमदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने यह सम्मान टीम के गेंदबाज डीश्सूजा के साथ साझा किया, जिन्होंने मुकाबले में पांच विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। टूर्नामेंट में सूर्यकुमार अब तक चार पारियों में 143 रन बना चुके हैं और उनकी बल्लेबाजी टीम के लिए उम्मीद की सबसे बड़ी किरण बनी हुई है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें