बुधवार, 30 सितंबर 202610:51:02 PM
Download App
Home/मनोरंजन

पेरिस फैशन वीक : रैंप पर छाईं ऐश्वर्या, मुंबई पहुंचते ही पैपराजी को दिया ऐसा सरप्राइज कि जीत लिया दिल

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 30, 2026
06:04 AM
रैंप पर छाईं ऐश्वर्या, मुंबई पहुंचते ही पैपराजी को दिया ऐसा सरप्राइज कि जीत लिया दिल

मुंबई। ग्लोबल स्टार ऐश्वर्या राय बच्चन पेरिस फैशन वीक में अपनी शानदार मौजूदगी दर्ज कराने के बाद भारत लौट आई हैं। मंगलवार देर रात मुंबई पहुंचीं अभिनेत्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पैपराजी और फैंस के साथ बेहद सहज अंदाज में बातचीत करती नजर आ रही हैं। ऐश्वर्या के इसी व्यवहार ने एक बार फिर वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया।

फोटोग्राफर्स से बोलीं- चलिए ग्रुप फोटो लेते हैं

मुंबई पहुंचने के बाद ऐश्वर्या जब अपनी कार की ओर बढ़ रही थीं, तभी वहां मौजूद एक प्रशंसक ने उनसे ऑटोग्राफ मांगा। अभिनेत्री ने रुककर उसे ऑटोग्राफ दिया। इसके बाद पैपराजी ने उनसे तस्वीरों के लिए अनुरोध किया तो ऐश्वर्या ने अलग-अलग पोज देने के बजाय सभी को साथ लेकर ग्रुप फोटो का सुझाव दिया।

अभिनेत्री ने फोटोग्राफर्स से कहा कि सभी लोग मिलकर एक ग्रुप फोटो लेते हैं। इसके बाद उन्होंने मीडियाकर्मियों के साथ तस्वीर खिंचवाई। उनका यह सहज और गर्मजोशी भरा अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स को भी पसंद आ रहा है।

पेरिस फैशन वीक में दिखा ग्लैमरस अंदाज

ऐश्वर्या राय बच्चन ने 28 सितंबर को पेरिस में आयोजित फैशन वीक के एक खास कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। एफिल टॉवर के सामने प्लेस जोफ्रे में आयोजित इस फैशन इवेंट में उन्होंने क्रिस्टल से सजी केप वाली खूबसूरत वेलवेट ड्रेस में रैंप वॉक किया।

रैंप पर ऐश्वर्या का लुक काफी चर्चा में रहा। उन्होंने स्टेज पर अन्य अंतरराष्ट्रीय हस्तियों के साथ मस्ती भी की और रैंप वॉक के दौरान क्राउन पहनकर अपने अंदाज से सबका ध्यान आकर्षित किया।

दुनिया के बड़े सितारों के साथ नजर आईं ऐश्वर्या

इस फैशन इवेंट में केंडल जेनर, ईवा लोंगोरिया, सेलीन डियोन, सिमोन एशले, वियोला डेविस, जेन फोंडा, कारा डेलेविंगने और एंडी मैकडॉवेल जैसी चर्चित हस्तियां भी शामिल हुईं। ऐसे में ऐश्वर्या की मौजूदगी ने एक बार फिर भारतीय सिनेमा और फैशन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सुर्खियों में ला दिया।

2002 से ग्लोबल फैशन मंच पर मजबूत पहचान

ऐश्वर्या का अंतरराष्ट्रीय फैशन और सिनेमा आयोजनों से जुड़ाव नया नहीं है। वर्ष 2002 में उन्होंने कान्स फिल्म फेस्टिवल में फिल्म ‘देवदास’ के प्रीमियर के दौरान पहली बार शिरकत की थी। संजय लीला भंसाली और शाहरुख खान के साथ पारंपरिक पीली साड़ी में उनकी एंट्री यादगार रही थी।

इसके अगले वर्ष ऐश्वर्या कान्स की फीचर फिल्म जूरी का हिस्सा बनीं। इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय फिल्म मंच पर भारतीय अभिनेत्रियों की मौजूदगी को एक नई पहचान दिलाई।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें