गुरुवार, 1 अक्टूबर 202610:37:21 PM
Download App
Home/मनोरंजन

मुंबई में सजेगी पर्यावरण की सबसे बड़ी शाम : अर्थशॉट पुरस्कार में आलिया भट्ट दिखाएंगी जलवा, बोलीं- उम्मीद, नए विचार और बदलाव का उत्सव है यह आयोजन

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 01, 2026
08:20 AM
अर्थशॉट पुरस्कार में आलिया भट्ट दिखाएंगी जलवा,  बोलीं- उम्मीद, नए विचार और बदलाव का उत्सव है यह आयोजन

मुंबई। अभिनेत्री आलिया भट्ट मुंबई में आयोजित होने वाले अर्थशॉट पुरस्कार समारोह का हिस्सा बनने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने इस आयोजन को उम्मीद, नए विचारों और सकारात्मक बदलाव के लिए किए जा रहे प्रयासों का उत्सव बताया। आलिया समारोह में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचने वाले उन लोगों और संस्थाओं का सम्मान करेंगी, जो पर्यावरण और धरती की रक्षा के लिए नए समाधान विकसित कर रहे हैं।

आलिया ने बताया क्यों खास है यह आयोजन

आलिया भट्ट ने अपने बयान में कहा कि अर्थशॉट पुरस्कार वास्तव में उम्मीद से जुड़ा है। उनके अनुसार, यह ऐसी उम्मीद है, जो विचारों, प्रयासों और बेहतर भविष्य की दिशा में नए रास्ते तलाशने वाले लोगों से पैदा होती है। उन्होंने कहा कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे लोग शानदार काम कर रहे हैं, जो धरती को बचाने और उसे फिर से बेहतर बनाने के लिए नए तरीकों पर काम कर रहे हैं।

भारत में दुनिया भर के प्रतिभाओं का जमावड़ा

मुंबई में इस समारोह के आयोजन को लेकर आलिया ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि अलग-अलग देशों से आने वाले लोगों का एक जगह जुटना बेहद खास है। उन्होंने भारत के इस आयोजन का हिस्सा बनने पर गर्व जताया और उन लोगों को सामने लाने को लेकर उत्साह व्यक्त किया, जो पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए काम कर रहे हैं।

पांच पुरस्कारों में से एक पुरस्कार करेंगी प्रस्तुत

समारोह के दौरान कुल पांच अर्थशॉट पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। आलिया भट्ट इनमें से एक पुरस्कार प्रस्तुत करेंगी। इस आयोजन में पर्यावरण से जुड़ी दुनिया की बड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए काम करने वाले लोगों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में करीब 5,000 मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है। समारोह को लेकर तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं।

रामी मालेक से सचिन तेंदुलकर तक होंगे खास मेहमान

इस विशेष समारोह में आलिया भट्ट के साथ ऑस्कर पुरस्कार विजेता अभिनेता रामी मालेक, भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और ब्रिटिश अभिनेत्री एवं संगीतकार सिमोन एश्ले समेत कई अन्य प्रस्तुतकर्ता और खास मेहमान मौजूद रहेंगे। समारोह की मेजबानी फिल्म निर्देशक और निर्माता करण जौहर करेंगे।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें