बिग बॉस के घर में बढ़ा विवाद : ‘टुनटुन’ कहने पर भड़कीं आम्रपाली दुबे, लव गिल से भिड़ीं, कहा- ‘मुझे तुमसे ऐसी उम्मीद नहीं थी’

मुंबई। लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के हालिया एपिसोड में भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे और लव गिल के बीच तीखी बहस देखने को मिली। विवाद की शुरुआत उस समय हुई, जब लव गिल ने आम्रपाली दुबे को प्यार से ‘टुनटुन’ कह दिया। हालांकि, आम्रपाली को लव की यह बात पसंद नहीं आई और उन्हें लगा कि उनके शरीर को लेकर टिप्पणी की गई है।
आम्रपाली ने जाहिर की नाराजगी
बाद में आम्रपाली ने लव गिल के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें लव से ऐसी बात की उम्मीद नहीं थी। आम्रपाली चाहती थीं कि लव उनकी भावनाओं को समझें और यह स्वीकार करें कि उनकी बात से उन्हें ठेस पहुंची है। हालांकि, लव गिल ने अपनी गलती मानने के बजाय आम्रपाली पर ही नाराजगी जाहिर कर दी। उन्होंने आम्रपाली से कहा कि वह उन्हें ताना न दें और उन्हें अपना करीबी न समझें। लव की यह बात सुनकर आम्रपाली काफी दुखी नजर आईं।
‘टुनटुन’ शब्द पर आम्रपाली ने रखी अपनी बात
आम्रपाली ने कहा कि अगर लव यह मान लेतीं कि उनकी बात से उन्हें दुख पहुंचा है और आगे से उन्हें ‘टुनटुन’ नहीं कहेंगी, तो उन्हें अच्छा लगता। इसके बाद लव, आसिफ और घर के अन्य सदस्यों से बातचीत करती नजर आईं। लव ने बताया कि आम्रपाली ने उनकी बात का बुरा मान लिया, जबकि उनका इरादा उन्हें दुख पहुंचाने का नहीं था। आम्रपाली ने यह बातचीत सुन ली और एक बार फिर लव से इस मुद्दे पर बात की।
आम्रपाली बोलीं- समझो उस बात का मुझ पर क्या असर हुआ
बातचीत के दौरान आम्रपाली ने स्पष्ट किया कि ‘टुनटुन’ कहे जाने वाली बात उन्हें बॉडी शेमिंग जैसी लगी और उन्हें लव से ऐसी उम्मीद नहीं थी। उन्होंने लव से कहा कि वह यह समझने की कोशिश करें कि उस शब्द का उन पर क्या प्रभाव पड़ा। लव गिल ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि किसी व्यक्ति के लिए ‘टुनटुन’ शब्द का क्या अर्थ होता है। इस पर आम्रपाली ने जवाब दिया कि यह बात स्पष्ट थी और हर कोई जानता है कि ‘टुनटुन’ नाम किससे जुड़ा है।
कौन थीं टुनटुन?
‘टुनटुन’ जानी-मानी भारतीय अभिनेत्री और पार्श्व गायिका उमा देवी खत्री का लोकप्रिय पर्दे का नाम था। हिंदी सिनेमा में अपने हास्य और चरित्र भूमिकाओं के लिए मशहूर उमा देवी ‘टुनटुन’ नाम से लोकप्रिय हुईं। वह अपनी स्वस्थ शरीर संरचना के लिए भी जानी जाती थीं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
