आलिया बनीं स्पाई यूनिवर्स की सबसे खतरनाक एजेंट : ‘अल्फा’ का धमाकेदार आगाज, टीजर ने बढ़ाई फिल्म की बेचैनी

मुंबई। यश राज फिल्म्स के बहुचर्चित स्पाई यूनिवर्स की अगली फिल्म ।सचीं का पहला टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। करीब एक मिनट 55 सेकेंड के इस टीजर में एक्शन, रहस्य, भावनाएं और बड़े मिशन की झलक देखने को मिलती है। खास बात यह है कि यह स्पाई यूनिवर्स की पहली ऐसी फिल्म है, जिसकी कहानी एक महिला जासूस के इर्द-गिर्द बुनी गई है। टीजर में आलिया भट्ट का नया और दमदार अवतार दर्शकों को खासा प्रभावित कर रहा है।
टीजर की शुरुआत एक आलीशान रेस्तरां के दृश्य से होती है, जहां बाॅबी देओल और आलिया भट्ट पिता-पुत्री के रूप में नजर आते हैं। मौका आलिया के 18वें जन्मदिन का होता है। शुरुआत में यह एक सामान्य पारिवारिक जश्न जैसा दिखाई देता है, लेकिन कुछ ही क्षणों में कहानी रोमांचक मोड़ ले लेती है। बॉबी अपनी बेटी को एक कार्ड सौंपते हैं, जिस पर एक कमरे का नंबर लिखा होता है। जब आलिया इसके बारे में पूछती हैं, तब खुलासा होता है कि यह कोई उपहार नहीं, बल्कि उनका पहला गुप्त मिशन है।
एक्शन मोड में दिखीं आलिया भट्ट
इसके बाद टीजर पूरी तरह एक्शन और थ्रिल से भर जाता है। बॉबी देओल अपनी बेटी को बताते हैं कि जिस मकसद के लिए उन्हें बचपन से तैयार किया गया था, अब उसे पूरा करने का समय आ चुका है। इसके साथ ही आलिया का खतरनाक और साहसी रूप सामने आता है। वह दुश्मनों से भिड़ती हैं, चाकू से हमला करती हैं और कई हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस में नजर आती हैं। उनके एक्शन स्टंट और आत्मविश्वास ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
‘अल्फा’ प्रोग्राम का रहस्य और आगे की उम्मीदें
टीजर में ‘अल्फा’ नाम के एक सीक्रेट प्रोग्राम की भी झलक मिलती है, जिसके तहत देश की अगली पीढ़ी के विशेष योद्धाओं को तैयार किया जाता है। जहां आलिया और बॉबी देओल की मौजूदगी सबसे ज्यादा आकर्षित करती है, वहीं फिल्म के अन्य अहम कलाकार शर्वरी और अनिल कपूर इस टीजर में नजर नहीं आते। माना जा रहा है कि उनके किरदारों से जुड़े अलग पोस्टर या प्रोमो जल्द जारी किए जाएंगे।
स्पाई यूनिवर्स की सातवीं बड़ी पेशकश
यह फिल्म यश राज फिल्म्स के चर्चित स्पाई यूनिवर्स की सातवीं कड़ी है। फिल्म का निर्माण आदित्य चोपड़ा ने किया है, जबकि निर्देशन शिव रवैल के हाथों में है। पहले इसकी रिलीज 10 जुलाई 2026 तय थी, लेकिन अब फिल्म 3 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। टीजर के बाद दर्शकों की उम्मीदें और उत्साह दोनों पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गए हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
