पैठणी साड़ी में सजी बालीवुड की धक-धक गर्ल : ‘कौन होणार करोड़पति’ के प्रीमियर शो में दिखा जुदा अंदाज, बोलीं- ये सिर्फ पहनावा नहीं,...

मुंबई। बॉलीवुड की धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित का अंदाज जब भी बदला-बदला नजर आता है, फैंस की नजरें उन पर टिक जाती हैं। इस बार अभिनेत्री अपने पारंपरिक मराठी लुक को लेकर सुर्खियों में हैं। मराठी क्विज शो ‘कौन होणार करोड़पति’ के प्रीमियर के मौके पर माधुरी दीक्षित खूबसूरत पैठणी साड़ी में नजर आईं। उनके इस पारंपरिक अंदाज ने शो के मौके को और खास बना दिया।
माधुरी ने अपने लुक के बारे में बात करते हुए कहा कि उनके लिए पैठणी सिर्फ एक खूबसूरत साड़ी नहीं है, बल्कि यह महाराष्ट्र के इतिहास, संस्कृति और परंपरा से गहराई से जुड़ी हुई है। अभिनेत्री ने कहा कि इस साड़ी के साथ राज्य की सदियों पुरानी विरासत भी जुड़ी हुई है।
‘पैठणी महाराष्ट्र की पहचान का हिस्सा’
माधुरी ने पैठणी की खासियत बताते हुए कहा कि यह पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ती आई है और अब महाराष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। उनके मुताबिक, पैठणी पहनना महाराष्ट्र की उन तमाम परंपराओं और खूबियों को सेलिब्रेट करने का एक खूबसूरत तरीका है, जिनके लिए यह राज्य जाना जाता है।
अभिनेत्री को पैठणी की बुनाई भी खास तौर पर पसंद है। उन्होंने कहा कि हर पैठणी का अपना अलग अंदाज और पहचान होती है, जो इसे दूसरी साड़ियों से अलग बनाती है।
परंपरा और आधुनिकता का खूबसूरत मेल
माधुरी ने कहा कि उन्हें अपनी संस्कृति को आज के समय के हिसाब से सेलिब्रेट करना अच्छा लगता है। उनके मुताबिक, आधुनिक दौर में भी पुरानी परंपराओं को सम्मान देने के कई तरीके हैं और पैठणी इसका बेहतरीन उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि इसमें पारंपरिक खूबसूरती के साथ आधुनिक दौर की शालीनता भी नजर आती है। यही वजह है कि पैठणी उनके लिए सिर्फ एक पहनावा नहीं, बल्कि अपनी जड़ों से जुड़ने का जरिया भी है।
पहली बार इस अंदाज में क्विज शो करेंगी होस्ट
माधुरी दीक्षित जल्द ही मराठी क्विज शो ‘कौन होणार करोड़पति’ को होस्ट करती दिखाई देंगी। शो का प्रीमियर 12 अक्टूबर से सोनी मराठी और सोनी लिव पर होने वाला है। शो का प्रोमो पहले ही दर्शकों के सामने आ चुका है।
इस क्विज शो में माधुरी कंटेस्टेंट्स से सवाल पूछने के साथ उनकी जिंदगी, सपनों और संघर्षों की कहानियां भी जानती नजर आएंगी। ऐसे में अभिनेत्री का पारंपरिक अंदाज और उनकी होस्टिंग का नया अनुभव दर्शकों के लिए खास आकर्षण बनने वाला है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
