सोमवार, 8 जून 202607:05:03 PM
Download App
Home/मनोरंजन

Imtiaz Ali : कॉलेज के दिनों में किडनैप हो गए थे इम्तियाज अली, पोस्टर विवाद के बाद हुआ था हंगामा

ऋषिका जैन

ऋषिका जैन

Jun 08, 2026
05:25 AM
कॉलेज के दिनों में किडनैप हो गए थे इम्तियाज अली, पोस्टर विवाद के बाद हुआ था हंगामा

बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक इम्तियाज अली ने हाल ही में अपने कॉलेज के दिनों का एक हैरान कर देने वाला किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान एक छोटे से विवाद के कारण उन्हें आधी रात को हॉस्टल से उठाकर ले जाया गया था।

पोस्टर हटाने से शुरू हुआ विवाद

इम्तियाज अली ने बताया कि जब वे दिल्ली यूनिवर्सिटी के हिंदू कॉलेज में पढ़ते थे, तब छात्र राजनीति काफी सक्रिय थी। एक दिन उनके हॉस्टल की सामने वाली दीवार पर एक राजनीतिक पोस्टर लगाया गया। इम्तियाज को लगा कि मुख्य दीवार पर पोस्टर लगाने से हॉस्टल का लुक खराब हो रहा है। इसलिए उन्होंने पोस्टर को हटाकर बगल की दीवार पर लगा दिया। लेकिन यह बात कुछ लोगों को पसंद नहीं आई और विवाद शुरू हो गया।

आधी रात को हॉस्टल पहुंचे लोग

कुछ दिनों बाद रात करीब 2 बजे उनके एक दोस्त ने उन्हें बताया कि कुछ लोग उन्हें ढूंढते हुए हॉस्टल आ रहे हैं। थोड़ी देर बाद कुछ युवक वहां पहुंचे और इम्तियाज को अपने साथ चलने के लिए कहा। इम्तियाज के मुताबिक, उन्हें साइकिल रिक्शा में बैठाकर एक दूसरी जगह ले जाया गया, जहां एक स्थानीय गैंग का लीडर मौजूद था। वहां उनसे पोस्टर हटाने को लेकर सवाल-जवाब किए गए।

गैंग लीडर ने अपने ही साथी को मारा थप्पड़

पूछताछ के दौरान इम्तियाज ने साफ किया कि उन्होंने पोस्टर फाड़ा नहीं था, बल्कि सिर्फ दूसरी जगह लगाया था। इसके बाद गैंग लीडर ने अपने साथी से सच्चाई पूछी।जब पता चला कि पोस्टर फाड़ा नहीं गया था, तो गैंग लीडर नाराज हो गया और गलत जानकारी देने पर अपने ही साथी को थप्पड़ मार दिए। इसी दौरान मामला शांत हो गया और इम्तियाज सुरक्षित वहां से निकल आए।

नई फिल्म को लेकर चर्चा में हैं इम्तियाज अली

वर्क फ्रंट की बात करें तो इम्तियाज अली इन दिनों अपनी नई फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना, शरवरी और नसीरुद्दीन शाह मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

ऋषिका जैन
Written By

ऋषिका जैन

दिलचस्प और रोचक खबरों की खोज में रहती हैं। सोशल मीडिया पर चल रही कानाफूसी को न्यूज़ चैनल तक पहुंचाती हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें