प्यार के तोहफे ने बदल दी थी फैशन की तस्वीर : जया प्रदा ने शेयर किया साड़ियों की दीवानगी का दिलचस्प किस्सा

मुंबई। हिन्दी सिनेमा की सदाबहार अभिनेत्री जया प्रदा ने अपनी सुपरहिट फिल्म तोहफा के लोकप्रिय गीत प्यार का तोहफा से जुड़ी दिलचस्प यादें शेयर की है। उन्होंने बताया कि इस गीत ने केवल दर्शकों का दिल ही नहीं जीता था, बल्कि उनके द्वारा पहनी गई साड़ियों का ऐसा फैशन शुरू किया था कि बाजारों में उनकी भारी डिमांड हो गई थी।
डांस आधारित कार्यक्रम इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5 में विशेष अतिथि के रूप में पहुंचीं जया प्रदा और मीनाक्षी शेषाद्रि ने प्रतियोगी ऋतुराज और उनकी नृत्य साथी वैष्णवी की प्रस्तुति देखी। दोनों कलाकारों ने प्यार का तोहफा गीत पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे देखकर जया प्रदा पुरानी यादों में खो गईं।
साड़ियों का ऐसा चला दौर कि दुकानों में होने लगी कमी
जया प्रदा ने बताया कि गीत के प्रदर्शित होने के बाद उनके नाम से साड़ियों का नया चलन शुरू हो गया था। उन्होंने कहा कि जब भी यह गीत सिनेमाघरों में बजता, लोग उनकी साड़ियों की चर्चा करते थे और बाजारों में वैसी ही साड़ियों की मांग अचानक बढ़ जाती थी। हालत यह हो गई थी कि कई दुकानों में वैसी साड़ियां मिलना मुश्किल हो जाता था।
उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि जहां भी जाती थीं, लोग उन्हें देखकर तोहफा, तोहफा कहकर पुकारने लगते थे। उस समय उन्हें लगता था कि आखिर इतने सारे तोहफे वह कहां से लाएं। जया प्रदा ने कहा कि यह गीत उनके अभिनय जीवन की सबसे यादगार उपलब्धियों में से एक है।
दक्षिण भारतीय निर्देशकों की रचनात्मक सोच की सराहना
मीनाक्षी शेषाद्रि ने कहा कि दक्षिण भारतीय फिल्मकारों, विशेषकर निर्देशक के. राघवेंद्र राव ने हिंदी सिनेमा को नई दृश्य शैली और भव्यता दी। उनके अनुसार प्यार का तोहफा में दिखाई गई साड़ियों और पूरे गीत की प्रस्तुति उस रचनात्मक सोच का शानदार उदाहरण थी, जिसने हिंदी फिल्मों को अलग पहचान दिलाई।
साल 1984 में रिलीज हुई तोहफा का यह गीत उस दौर के सबसे लोकप्रिय गीतों में शामिल हुआ था। किशोर कुमार और आशा भोसले की आवाज तथा बप्पी लाहिड़ी के संगीत ने इसे अमर बना दिया। गीत में जया प्रदा, श्रीदेवी और जितेंद्र की तिकड़ी ने अपने अभिनय और नृत्य से दर्शकों का दिल जीत लिया था। आज भी यह गीत हिंदी सिनेमा के सबसे यादगार गीतों में गिना जाता है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
