मुखर्जी परिवार की दुर्गा पूजा परंपरा फिर होगी भव्य : काजोल की बहन ने जया बच्चन को लेकर मीडिया से खास अपील

मुंबई। मुंबई में हर साल आयोजित होने वाली प्रसिद्ध उत्तर बॉम्बे सार्वजनिक दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच अभिनेत्री तनिषा मुखर्जी ने मीडिया को बड़ा मैसेज दिया है। काजोल की बहन तनिषा ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान जया बच्चन को परेशान न किया जाए और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने पूजा पंडाल में आने वाली भारी भीड़ से भी संयम और शिष्टाचार बनाए रखने की अपील की।
‘जया आंटी को परेशान मत कीजिए’
दुर्गा पूजा से जुड़े एक कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत के दौरान तनिषा ने कहा कि उन्होंने कई बार कुछ समाचार प्रतिनिधियों को जया बच्चन को जानबूझकर उकसाने की कोशिश करते देखा है। उन्होंने अपील करते हुए कहा, “मैं देख रही हूं कि आप लोग जया आंटी को बहुत परेशान कर रहे हैं। मेरी आप सभी से गुजारिश है कि हमारी दुर्गा पूजा में ऐसा मत कीजिएगा। हमारी जया आंटी को परेशान मत कीजिए।”तनिषा के इस बयान ने जया बच्चन और छायाकारों के बीच होने वाली नोकझोंक को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
भीड़ से भी की शालीनता बनाए रखने की अपील
तनिषा ने केवल जया बच्चन के लिए ही नहीं, बल्कि पूजा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पंडाल में बड़ी संख्या में लोग माता रानी के दर्शन करने आते हैं। ऐसे में लोगों को धक्का-मुक्की से बचना चाहिए और एक-दूसरे की सुविधा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने सभी से शिष्टता और इंसानियत बनाए रखने की अपील की।
1948 से चली आ रही है दुर्गा पूजा की परंपरा
उत्तर बॉम्बे सार्वजनिक दुर्गा पूजा मुंबई के पुराने और प्रसिद्ध दुर्गा पूजा आयोजनों में गिनी जाती है। इसकी शुरुआत वर्ष 1948 में पद्मश्री शशधर मुखर्जी और उनकी पत्नी सतीरानी मुखर्जी ने की थी। पहली पूजा सांताक्रूज स्थित श्री मंडल हॉल में आयोजित हुई थी।
समय के साथ यह आयोजन भव्य होता गया और मुखर्जी परिवार की पहचान बन गया। अभिनेत्री काजोल, तनिषा मुखर्जी और फिल्म निर्देशक अयान मुखर्जी का इस परंपरा से गहरा पारिवारिक जुड़ाव है।
परिवार की परंपरा निभाने जुटते हैं सितारे
हर साल दुर्गा पूजा के अवसर पर बॉलीवुड की कई हस्तियां माता रानी के दर्शन करने पहुंचती हैं। जया बच्चन भी लंबे समय से इस आयोजन में शामिल होती रही हैं। मुखर्जी परिवार के साथ उनके पुराने संबंध हैं। तनिषा की अपील का संदेश साफ हैकृआस्था के इस उत्सव में प्रसिद्ध हस्तियों की निजता का सम्मान किया जाए और श्रद्धालुओं के लिए भी शांतिपूर्ण तथा सुरक्षित माहौल बनाए रखा जाए।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
