प्यार पर दोहरे मानदंड क्यों? : माधुरी दीक्षित ने पितृसत्तात्मक सोच पर उठाए सवाल

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित इन दिनों नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई अपनी क्राइम-कॉमेडी ड्रामा फिल्म माँ-बहन को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के प्रमोशन के दौरान माधुरी ने समाज में महिलाओं और पुरुषों के प्रति अपनाए जाने वाले अलग-अलग मानदंडों पर खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि रिश्तों और प्रेम संबंधों के मामलों में आज भी महिलाओं को पुरुषों की तुलना में ज्यादा आलोचना और सामाजिक दबाव का सामना करना पड़ता है।
माधुरी ने एक बातचीत में कहा कि भारतीय समाज लंबे समय से पितृसत्तात्मक सोच से प्रभावित रहा है। इसी कारण पुरुषों और महिलाओं के व्यवहार को लेकर अलग-अलग पैमाने बनाए गए हैं। उनके अनुसार यदि कोई पुरुष कई रिश्तों में रहता है तो उसे अक्सर आकर्षक या लोकप्रिय माना जाता है, जबकि वही काम किसी महिला द्वारा किए जाने पर उसे नकारात्मक नजरिए से देखा जाता है।
‘मां बहन’ पुरानी सोच को चुनौती देने वाली फिल्म
अभिनेत्री का मानना है कि उनकी नई फिल्म ‘मां बहन’ इसी तरह की पुरानी सामाजिक धारणाओं को चुनौती देती है। उन्होंने कहा कि फिल्म के किरदार परफेक्ट नहीं हैं, बल्कि उनमें कमियां हैं, वे उलझे हुए हैं और बिल्कुल वास्तविक जीवन के लोगों की तरह दिखाई देते हैं। यही वजह है कि दर्शक उनसे आसानी से जुड़ाव महसूस कर सकते हैं।
माधुरी ने कहा कि फिल्म में महिलाओं को मजबूत, आत्मनिर्भर और परंपरागत नियमों को तोड़ने वाले रूप में प्रस्तुत किया गया है। उनका मानना है कि हर महिला को सम्मान और गरिमा के साथ अपनी जिंदगी जीने का अधिकार है। उन्होंने बताया कि फिल्म बनाते समय समाज द्वारा बनाए गए कई पारंपरिक नियमों को तोड़ा गया और यही इसकी सबसे बड़ी खासियत है।
रोमांच, रहस्य और हास्य का अनोखा मेल
फिल्म का निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है। कहानी रेखा नाम की एक महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार माधुरी निभा रही हैं। रेखा पहले से ही कई पारिवारिक और व्यक्तिगत परेशानियों से जूझ रही होती है, तभी उसके घर के किचन में एक लाश मिल जाती है। इसके बाद वह अपनी दो बेटियों जया और सुष्मा के साथ इस मुश्किल स्थिति से निकलने की कोशिश करती है।
इन सितारों ने निभाई अहम भूमिकाएं
फिल्म में माधुरी के अलावा तृप्ति डिमरी, रवि किशन, गीतांजलि कुलकर्णी, अरुणोदय सिंह और शार्दुल भारद्वाज भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। रहस्य, हास्य और पारिवारिक भावनाओं से भरपूर यह फिल्म फिलहाल नेटफ्लिक्स पर दर्शकों का मनोरंजन कर रही है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
