शनिवार, 8 अगस्त 202606:00:39 AM
Download App
Home/मनोरंजन

जीतने के लिए गंदा खेल जरूरी नहीं': : मिनी माथुर ने रियलिटी शोज की खोली परतें, 'द अलायंस' की विजेता ने, कुशाल टंडन को बताया ईमानदार खिलाड़ी

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 07, 2026
07:53 AM
मिनी माथुर ने रियलिटी शोज की खोली परतें, 'द अलायंस' की विजेता  ने, कुशाल टंडन को बताया ईमानदार खिलाड़ी

मुंबई। वेब रियलिटी शो 'द अलायंस' की विजेता बनीं अभिनेत्री और टीवी होस्ट मिनी माथुर ने रियलिटी शोज की रणनीति, खिलाड़ियों के व्यवहार और अपनी जीत को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि किसी भी रियलिटी शो में रणनीति बनाना खेल का हिस्सा है, लेकिन जीत के लिए निजी हमले या किसी का अपमान करना बिल्कुल सही नहीं है।

'रणनीति और गंदे खेल में बड़ा अंतर'

मिनी माथुर ने कहा कि रियलिटी शोज में कुछ हद तक मैनिपुलेशन स्वाभाविक होता है। कई बार खिलाड़ी अपनी रणनीति के तहत दूसरे प्रतियोगियों के खेल को कमजोर करने की कोशिश करते हैं। अगर यह सब खेल की सीमा के भीतर हो तो इसे रणनीति कहा जा सकता है, लेकिन किसी के व्यक्तित्व या जेंडर पर टिप्पणी करना या सिर्फ माहौल खराब करने के लिए आक्रामक व्यवहार करना गलत है।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट गेमप्ले और डर्टी गेमप्ले के बीच बहुत बारीक अंतर होता है। उनकी कोशिश हमेशा खेल के नियमों के भीतर रहकर प्रदर्शन करने की रही और यही उनकी जीत की सबसे बड़ी वजह बनी।

'मेरी जीत एक बड़ा संदेश है'

मिनी माथुर ने कहा कि उनकी जीत यह साबित करती है कि सफलता पाने के लिए किसी को नीचा दिखाने या गंदी रणनीति अपनाने की जरूरत नहीं होती। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, समझदारी और सही रणनीति के साथ भी रियलिटी शो जीता जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि 50 वर्ष से अधिक उम्र की महिला भी अपनी आधी उम्र के प्रतियोगियों को मात देकर जीत हासिल कर सकती है।

कुशाल टंडन की जमकर तारीफ

मिनी ने अभिनेता कुशाल टंडन के व्यवहार की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि कुशाल कैमरे के सामने और वास्तविक जीवन में एक जैसे हैं। कई बार उन्होंने कुशाल को अपना गुस्सा कम करने की सलाह दी, लेकिन उनका मानना था कि दर्शक उन्हें उसी अंदाज में पसंद करते हैं। मिनी ने कहा कि पूरे शो के दौरान कुशाल अपने साथियों के प्रति वफादार रहे और उन्होंने हमेशा उनका सम्मान किया।

अब महिलाओं के स्वास्थ्य पर रहेगा फोकस

रियलिटी शो के बाद भविष्य की योजनाओं पर मिनी माथुर ने कहा कि फिलहाल उनका ध्यान महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े एक नए बिजनेस पर है, जिसे वह इसी साल शुरू करने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अभी किसी नए रियलिटी शो के लिए प्रतिबद्ध होना मुश्किल है, लेकिन इस सफर ने उन्हें यह जरूर सिखाया है कि जीवन में कभी भी किसी संभावना के लिए पूरी तरह 'ना' नहीं कहना चाहिए।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें