मंगलवार, 11 अगस्त 202601:07:13 PM
Download App
Home/मनोरंजन

11 साल का हुआ स्नेहा का लाडला : बेटे विहान पर बरसा मां का प्यार, अभिनेत्री बोलीं- तुम मेरे दिल का वो टुकड़ा हो जो बाहर चलता-फिरता है

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 11, 2026
07:14 AM
बेटे विहान पर बरसा मां का प्यार, अभिनेत्री बोलीं- तुम मेरे दिल का वो टुकड़ा हो जो बाहर चलता-फिरता है

मुंबई। दक्षिण भारतीय सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री स्नेहा ने मंगलवार को अपने बेटे विहान का 11वां जन्मदिन खास अंदाज में मनाया। इस मौके पर अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर बेटे की तस्वीरें साझा करते हुए उसके लिए बेहद भावुक संदेश लिखा। स्नेहा ने बेटे को अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी और भगवान का आशीर्वाद बताया।

‘तुम मेरे दिल और सबसे बड़ी खुशी हो’

स्नेहा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में विहान को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा कि 11 साल पहले उसके जिंदगी में आने के बाद उन्हें ऐसा प्यार मिला, जिसका अनुभव उन्होंने पहले कभी नहीं किया था। बेटे को बड़ा होते, सीखते और मुस्कुराते देखना उनके लिए सबसे बड़ी खुशी और गर्व की बात है।

अभिनेत्री ने अपने संदेश में बेटे के लिए दुआ करते हुए कहा कि वह हमेशा दयालु, बहादुर और मजबूत बने। अपने सपनों को पूरा करने के लिए वह कभी कोशिश करने से न डरे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सफलता हो या गलती, खुशी का पल हो या मुश्किल समय, वह हमेशा बेटे के साथ खड़ी रहेंगी।

बेटे के लिए मां की दिल छू लेने वाली दुआ

स्नेहा ने विहान के लिए अपने प्यार का इजहार करते हुए कहा कि वह अपने बच्चे से इतना प्यार करती हैं, जिसे शब्दों में बयां करना संभव नहीं है। उन्होंने बेटे को अपने दिल का ऐसा हिस्सा बताया, जो अब उनके सामने एक अलग जिंदगी जी रहा है। अभिनेत्री ने बेटे के साथ अपनी और परिवार की कई तस्वीरें भी साझा कीं। इनमें वह अपने दोनों बच्चों के साथ नजर आ रही हैं। तस्वीरें सामने आने के बाद प्रशंसकों ने विहान को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

14 साल पहले प्रसन्ना से हुई थी शादी

स्नेहा ने अभिनेता प्रसन्ना से वर्ष 2012 में शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं, बेटा विहान और बेटी आद्या। अभिनेत्री अपने परिवार के साथ चेन्नई में रहती हैं। इस साल की शुरुआत में स्नेहा ने अपनी शादी की 14वीं सालगिरह पर भी पति प्रसन्ना के लिए भावुक संदेश साझा किया था।

कई भाषाओं में दिखाया अभिनय का दम

स्नेहा ने तमिल और तेलुगु फिल्मों के अलावा मलयालम और कन्नड़ सिनेमा में भी अभिनय किया है। उनकी खूबसूरत मुस्कान के कारण उन्हें ‘पुन्नगई अरसी’ यानी ‘मुस्कान की रानी’ के नाम से भी जाना जाता है। फिल्मों के अलावा वह तमिल नृत्य और रियलिटी कार्यक्रमों में निर्णायक की भूमिका भी निभा चुकी हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें