लालबागचा राजा के दरबार में पहुंचीं शिल्पा शेट्टी : 100 साल पुराने झुमकों ने खींचा सबका ध्यान

मुंबई। इन दिनों गणेशोत्सव की धूम मची हुई है। मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दरबार में आम से खास तक हाजिरी लगा रहे हैं। इसी क्रम में बालीवुड की फेमस अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भी बप्पा के दरबार में पहुंची। इस दौरान के उनके साथ छोटी बहन शमिता शेट्टी और परिवार के सदस्य भी थे। इस दौरान उनका पारंपरिक अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में शिल्पा शेट्टी अपनी बहन और परिवार के साथ बप्पा के दर्शन करती नजर आ रही हैं। दर्शन के दौरान अभिनेत्री ने मूषक महाराज के कान में अपनी मनोकामना कहने की इच्छा भी जताई।
मूषक महाराज के कान में इच्छा बताना चाहती थीं शिल्पा
वीडियो में शिल्पा शेट्टी कहती सुनाई देती हैं कि वह मूषक जी के कान में कुछ कहना चाहती हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, गणपति जी के वाहन मूषक के कान में कही गई इच्छा बप्पा तक पहुंचती है। शिल्पा भी इस परंपरा को निभाना चाहती थीं, लेकिन लालबागचा राजा के दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के चलते उन्हें इसकी अनुमति नहीं मिल सकी।
100 साल पुराने झुमकों ने खींचा लोगों का ध्यान
दर्शन के दौरान शिल्पा शेट्टी के पारंपरिक परिधान और आभूषणों ने खास तौर पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। अभिनेत्री ने खूबसूरत साड़ी के साथ बिना आस्तीन वाला ऊंची गले का मरून रंग का ब्लाउज पहना था। उन्होंने अपने श्रृंगार को पारंपरिक आभूषणों, चूड़ियों और अंगूठियों के साथ पूरा किया। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा उनके झुमकों की हुई। वीडियो में शिल्पा ने बताया कि उनके झुमके करीब 100 साल पुराने हैं।
शमिता शेट्टी भी दिखीं बेहद खूबसूरत
शिल्पा के साथ उनकी छोटी बहन और अभिनेत्री शमिता शेट्टी भी नजर आईं। शमिता ने शाही नीले रंग का पारंपरिक परिधान पहना था। दोनों बहनों का पारंपरिक अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
हर साल परिवार के साथ गणेश उत्सव मनाती हैं शिल्पा
शिल्पा शेट्टी हर साल अपने परिवार के साथ गणेश चतुर्थी का त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाती हैं। इस वर्ष भी उन्होंने अपने घर में गणपति बप्पा का स्वागत किया और करीब डेढ़ दिन तक गणपति की स्थापना की।
खास बात यह रही कि इस बार अभिनेत्री के परिवार ने पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए कागज की लुगदी से बनी पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमा को घर लाया था। शिल्पा ने सामाजिक माध्यमों पर बताया था कि उनका परिवार पिछले कई वर्षों से गणपति की प्रतिमा को लेकर पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने की दिशा में बदलाव कर रहा है।
ढोल-नगाड़ों के बीच हुआ बप्पा का विसर्जन
गणपति बप्पा के आगमन के बाद शिल्पा शेट्टी के घर कई फिल्मी सितारे और जानी-मानी हस्तियां भी पहुंचीं। डेढ़ दिन की पूजा-अर्चना के बाद मंगलवार को परिवार ने ढोल-नगाड़ों के साथ गणपति बप्पा का विसर्जन किया। इस दौरान शिल्पा शेट्टी भी जमकर नाचती नजर आईं।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
