बुधवार, 5 अगस्त 202609:22:46 PM
Download App
Home/मनोरंजन

लॉकअप-2 में पलटा पूरा खेल, : श्रेया कालरा बनीं दूसरी फाइनलिस्ट, कंटेस्टेंट्स की रणनीति पर साधा निशाना

admin

admin

Aug 05, 2026
07:00 AM
श्रेया कालरा बनीं दूसरी फाइनलिस्ट, कंटेस्टेंट्स की रणनीति पर साधा निशाना

मुंबई। रियलिटी शो लॉकअप-2 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और फिनाले की जंग रोमांचक होती जा रही है। शिवांगी जोशी के बाद अब कंटेंट क्रिएटर श्रेया कालरा ने भी फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। शो के ताजा एपिसोड में एट-रिस्क कंटेस्टेंट्स आकांक्षा चमोला, शिल्पा शिंदे और राम कपूर ने श्रेया को दूसरा फाइनलिस्ट चुना। फाइनलिस्ट बनने के बाद श्रेया ने अपने सफर और बाकी प्रतियोगियों की रणनीति को लेकर खुलकर बात की।

मुझे घेरने की रणनीति उन्हीं पर भारी पड़ गई

शिल्पा शिंदे के साथ बातचीत में श्रेया कालरा ने कहा कि कई प्रतियोगियों ने उन्हें लगातार निशाना बनाया, लेकिन यही रणनीति आखिरकार उनके लिए फायदे का सौदा बन गई। उन्होंने कहा कि किसी एक प्रतिभागी को लगातार अलग-थलग करने से दर्शकों की सहानुभूति उसी के साथ जुड़ जाती है और उसका खेल मजबूत हो जाता है। श्रेया का मानना है कि कुछ अनुभवी खिलाड़ी भी इस बात को समझने में नाकाम रहे।

योगेश रावत पर साधा निशाना

श्रेया ने खासतौर पर योगेश रावत का नाम लेते हुए कहा कि उन्हें रियलिटी शो का अनुभव होने के बावजूद हालात का सही आकलन नहीं हो पाया। उन्होंने कहा, राम और वरुण का रियलिटी शो का अनुभव नहीं है, लेकिन योगेश तो दो बड़े शो कर चुके हैं। उन्हें समझना चाहिए था कि किसी एक खिलाड़ी को लगातार घेरने से वही मजबूत बन जाता है। मुझे निशाना बनाते-बनाते उन्होंने मुझे ही फाइनलिस्ट बना दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि शो में आने के समय उनकी कोई बड़ी रणनीति नहीं थी और वह शुरुआत में सिर्फ दो सप्ताह तक टिकने की सोचकर आई थीं। लेकिन हालात बदले और आज वह फिनाले तक पहुंचने वाली प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं।

फिनाले की दौड़ हुई दिलचस्प

अब शो अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। फिलहाल घर में शिवांगी जोशी, श्रेया कालरा, शिल्पा शिंदे, राम कपूर और योगेश रावत बचे हैं। इन पांचों के बीच ट्रॉफी जीतने की कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। शो को रितेश और फराह खान होस्ट कर रहे हैं, जबकि छह सप्ताह तक चले इस रियलिटी शो में 14 प्रतिभागियों ने अलग-अलग चुनौतियों का सामना किया। टास्क जीतकर इन-गेम करेंसी हासिल करना और उसी के जरिए अपनी जरूरतें पूरी करना शो का अहम हिस्सा रहा है।

रियलिटी शो से बनाई अलग पहचान

श्रेया कालरा एक लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर हैं। उन्होंने वर्ष 2020 में रियलिटी शो रोडीज में वाइल्ड कार्ड प्रतियोगी के रूप में हिस्सा लेकर पहचान बनाई थी। इसके बाद उन्होंने कई डिजिटल रियलिटी शोज की मेजबानी भी की। अब लॉकअप-2 में फाइनलिस्ट बनने के बाद उनकी लोकप्रियता और चर्चा दोनों में लगातार इजाफा हो रहा है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें