मैं झूठ नहीं बोल सकता... : रियलिटी शो अलायंस से पहले सोहेल खान का बड़ा खुलासा] बोले- पहले हफ्ते में ही बाहर हो सकता हूं
![रियलिटी शो अलायंस से पहले सोहेल खान का बड़ा खुलासा] बोले- पहले हफ्ते में ही बाहर हो सकता हूं](/storage/posts/images/QR2EHYcbgBGePqF7p0hYk92E0kCX1MInjiFPqZLR.webp)
मुंबई। अभिनेता और फिल्म निर्माता सोहेल खोन जल्द ही रियलिटी शो अलायंस में एक नए अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे। शो शुरू होने से पहले उनहोंने अपनी सबसे बडी कमजोरी का जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि मुझे झूठ बोलना, लोगों के साथ रणनीतिक खेल खेलना या किसी को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करना नहीं आता। यह वजह है कि उन्हें लगता है कि वह इस तरह के प्रतियोगी शो में ज्यादा समय तक टिक नहीं पाएंगे और पहले ही सप्ताह बाहर होने की नौबत आ सकती है।
अपने नए सफर को लेकर सोहेल खान ने कहा कि वह जिंदगी में हमेशा दिल की सुनते हैं और ज्यादा गणित नहीं लगाते। उनके मुताबिक, उन्हें झूठ बोलकर या चालाकी से किसी को मात देना पसंद नहीं है। उन्होंने कहा, मै जैसा हूं, वैसा ही रहूंगा। मुझे झूठ बोलना, गेम खेलना या लोगों को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करना नहीं आता। मैं ईमानदारी से खेलूंगा और यही कारण है कि मुझे लगता है कोई भी मुझे आसानी से हरा सकता है।
क्यों खास लगा अलायंस?
सोहेल ने बताया कि अलायंस का कॉन्सेप्ट उन्हें इसलिए पसंद आया क्योंकि यह सिर्फ टास्क जीतने का शो नहीं है। इसमें रिश्ते बनाना, भरोसा कायम रखना और बदलते हालात के मुताबिक खुद को ढालना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उन्हें चुनौतियां पसंद हैं और इसी वजह से उन्होंने इस शो का हिस्सा बनने का फैसला किया।
वफादारी मेरे परिवार की पहचान
सोहेल खान ने कहा कि वह ऐसे परिवार से आते हैं, जहां वफादारी केवल एक शब्द नहीं बल्कि जीवन जीने का तरीका है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि अलायंस जैसे रियलिटी शो में परिस्थितियां तेजी से बदलती हैं। यहां दोस्ती और समीकरण पलभर में बदल सकते हैं और हर दिन भरोसा दोबारा जीतना पड़ता है। इसके बावजूद वह अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करेंगे और पूरे खेल के दौरान अपनी असली पहचान बनाए रखेंगे।
हर दिन आएगा नया एपिसोड
रियलिटी शो अलायंस में रणनीति, रिश्तों और भरोसे की दिलचस्प परीक्षा देखने को मिलेगी। दर्शक इस शो के नए एपिसोड हर दिन दोपहर 12 बजे प्राइम वीडियो पर देख सकेंगे। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ईमानदारी के दम पर मैदान में उतरे सोहेल खान इस चुनौतीपूर्ण खेल में कितनी दूर तक सफर तय कर पाते हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
