शनिवार, 4 जुलाई 202606:08:12 PM
Download App
Home/मनोरंजन

आमिर-गौरी की शादी को लेकर फिल्म जगत में उत्सुकता : सोमी अली ने साझा किया भावुक संदेश, कहा- सच्चा प्यार उम्र का नहीं होता मोहताज

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 04, 2026
07:50 AM
सोमी अली ने साझा किया भावुक संदेश, कहा- सच्चा प्यार उम्र का नहीं होता मोहताज

मुंबई। अभिनेता आमिर खान और गौरी स्प्रैट 5 जुलाई को विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की शादी को लेकर फिल्म जगत और प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। इसी बीच अभिनेत्री सोमी अली ने दोनों के लिए एक भावुक संदेश साझा करते हुए उनके नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि सच्चा प्यार उम्र का मोहताज नहीं होता और खुशी चुनने में कभी देर नहीं होती।

सोमी अली ने सोशल मीडिया पर आमिर और गौरी की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि जीवन के किसी भी पड़ाव पर अपना जीवनसाथी मिलना बेहद खूबसूरत अनुभव होता है। उनके अनुसार, प्यार को उम्र या समय की सीमाओं में नहीं बांधा जा सकता। उन्होंने लिखा कि प्रेम का जश्न मनाया जाना चाहिए, उसकी आलोचना नहीं होनी चाहिए। उन्होंने दोनों के लिए सुख, शांति और लंबे साथ की कामना भी की।

सही साथी मिल जाए तो वही सही समय

अपने संदेश में सोमी ने कहा कि कई लोग पूरी जिंदगी सही साथी की तलाश में गुजार देते हैं। यदि किसी को जीवन के बाद के वर्षों में अपना हमसफर मिलता है और वह रिश्ता विवाह तक पहुंचता है, तो वही सबसे सही समय होता है। उन्होंने कहा कि नया अध्याय शुरू करने का साहस प्रेरणादायक है और सबसे खूबसूरत प्रेम कहानियां इस बात से नहीं बनतीं कि वे कब शुरू हुईं, बल्कि इस बात से बनती हैं कि उन्हें कितनी सच्चाई और गहराई से जिया गया।

सोमी ने यह भी कहा कि उम्मीद है लोग उम्र के बजाय रिश्ते की मजबूती और खुशी को महत्व देंगे। उनके अनुसार, उम्र बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन किसी प्रिय व्यक्ति के साथ जीवन का सफर तय करना सबसे बड़ा उपहार होता है।

घर पर होगा सादगी भरा विवाह समारोह

इस बीच आमिर खान भी अपनी शादी को लेकर जानकारी दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि 5 जुलाई को होने वाला विवाह समारोह बेहद निजी और सादगीपूर्ण होगा। इसमें केवल दोनों परिवारों के सदस्य और कुछ करीबी मित्र ही शामिल होंगे। आमिर ने कहा कि यह तारीख उनके लिए बेहद खास है और वे चाहते हैं कि यह पल अपनों के बीच ही मनाया जाए।

उन्होंने प्रशंसकों से केवल आशीर्वाद और शुभकामनाओं की अपेक्षा जताई है। आमिर और गौरी की शादी को लेकर फिल्म जगत में भी उत्साह बना हुआ है और प्रशंसक इस नए सफर के लिए दोनों को लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें