शुक्रवार, 26 जून 202607:15:08 PM
Download App
Home/मनोरंजन

मेकअप तैयार होता था, लेकिन... : चर्चित अभिनेत्री के जेहन में आज भी है 80-90 के दशक का सुनहरा दौर

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 26, 2026
07:52 AM
चर्चित अभिनेत्री के जेहन में आज भी है 80-90 के दशक का सुनहरा दौर

मुंबई। 80 और 90 के दशक की चर्चित अभिनेत्री नीलम कोठारी ने अपने हालिया यूट्यूब व्लॉग में बॉलीवुड के उस दौर की यादें साझा कीं, जब फिल्मी दुनिया में ग्लैमर तो था, लेकिन आज जैसी आधुनिक सुविधाएं नहीं थीं। उन्होंने कहा कि उस समय शूटिंग के दौरान एयर कंडीशनर, वैनिटी वैन और लग्जरी सुविधाओं का अभाव था, फिर भी कलाकार पूरे उत्साह और समर्पण के साथ काम करते थे। नीलम के मुताबिक, उस दौर की सादगी, अपनापन और टीम भावना आज भी उन्हें सबसे ज्यादा आकर्षित करती है।

मेकअप तैयार होता था, लेकिन पसीने में बिगड़ जाता था

नीलम ने बताया कि शूटिंग के दिनों में सेट पर पहुंचते ही गर्मी और पसीने का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि मेकअप और हेयरस्टाइल तैयार करने में करीब दो घंटे लग जाते थे, लेकिन जैसे ही कैमरे के सामने पहुंचती थीं, गर्मी की वजह से पूरा लुक प्रभावित हो जाता था। इसके बावजूद कलाकार बिना शिकायत अपने काम पर पूरा ध्यान देते थे। उन्होंने कहा कि आज की सुविधाएं भले बेहतर हों, लेकिन पुराने दौर की आत्मीयता और काम का आनंद कहीं ज्यादा खास था।

गोविंदा के साथ डांस में होती थी दोस्ताना टक्कर

नीलम ने अभिनेता गोविंदा के साथ अपने काम करने के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि दोनों जब भी किसी गाने की शूटिंग करते थे, तो उनके बीच यह दोस्ताना चुनौती रहती थी कि कौन बेहतर डांस करेगा। यही स्वस्थ प्रतिस्पर्धा उनके गानों को और भी शानदार बना देती थी। नीलम ने कहा कि दर्शकों ने उनकी और गोविंदा की जोड़ी को हमेशा खूब प्यार दिया, जिसका असर आज भी देखने को मिलता है।

आप के आ जाने से बना करियर का सबसे बड़ा मील का पत्थर

नीलम ने अपने सुपरहिट गाने आप के आ जाने से को याद करते हुए कहा कि यह गीत उनके करियर का सबसे यादगार और लोकप्रिय गाना है। उन्होंने दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों के प्यार ने इस गाने को एक आइकॉनिक पहचान दिलाई, जो आज भी हर पीढ़ी की पसंद बना हुआ है। यह गीत 1987 में रिलीज हुई फिल्म श्खुदगर्जश् का हिस्सा था, जिसमें उनके साथ गोविंदा नजर आए थे।

कई हिट फिल्मों से बनाई अलग पहचान

नीलम कोठारी ने 1984 में फिल्म जवानी से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने लव 86, इल्जाम, खुदगर्ज, हत्या, ताकतवर, सिंदूर, पाप की दुनिया और घराना जैसी कई सफल फिल्मों में अभिनय कर बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई। आज भी उनके प्रशंसक उनकी फिल्मों और गानों को उसी उत्साह के साथ पसंद करते हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें