मैं न धोखेबाज हूं, न चोर : नस्लभेदी टिप्पणी पर अमेरिकी टेनिस स्टार का करारा जवाब, चाइना ओपन में विवादित अंक दोबारा खेलने पर कोको हुई थीं ट्रोल

नई दिल्ली। चाइना ओपन के दौरान हुई एक विवादित घटना को लेकर अमेरिकी टेनिस स्टार कोको गॉफ ने का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने आलोचकों को करारा जवाब दिया है। दरअसल मुकाबले के दौरान एक अंक दोबारा खेले जाने के बाद गॉफ पर सवाल उठाए गए थे। इतना ही नहीं उनको लेकर सोशल मीडिया पर नस्लभेदी टिप्पणियां भी की गईं। इससे आहत कोको ने आलोचकों को पर करारा पलटवार करते हुए कहा कि वह न तो धोखेबाज हैं और न ही चोर।
‘आप मुझे नापसंद कर सकते हैं, लेकिन नस्लभेदी मत बनिए’
गॉफ ने सोशल मीडिया पर एक प्रशंसक को जवाब देते हुए कहा कि लोग उनके खेल या घटना को लेकर उनसे असहमत हो सकते हैं, लेकिन नस्लभेदी टिप्पणियां स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें पिछले कुछ घंटों में बड़ी संख्या में नस्लभेदी टिप्पणियां मिली हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वह “न तो धोखेबाज हैं और न ही चोर।”
गॉफ ने बताया आखिर हुआ क्या था
गॉफ ने घटना को विस्तार से समझाते हुए कहा कि अंक की शुरुआत में ही उन्होंने एलईडी बोर्ड को टिमटिमाते हुए देखा था, लेकिन उस समय उन्हें पूरी तरह यकीन नहीं था कि उन्होंने वास्तव में ऐसा देखा है या नहीं।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को मुकाबले से पहले ऐसी परिस्थितियों के बारे में जानकारी दी जाती है और अंक खत्म होने के बाद भी संबंधित स्थिति को लेकर फैसला लिया जा सकता है। उनके मुताबिक, यदि वह अंक हार जातीं तो उनकी प्रतिद्वंद्वी भी उसी तरह दोबारा अंक खेलने की मांग कर सकती थीं।
‘यह नियम है, मैंने नहीं बनाया’
गॉफ ने कहा कि जब स्कोरबोर्ड दोबारा टिमटिमाया तो उन्हें पूरा यकीन हो गया कि रोशनी वास्तव में प्रभावित कर रही थी। उन्होंने इसी वजह से गेंद पर प्रहार होने से पहले हाथ उठाया।
अमेरिकी खिलाड़ी ने कहा कि यह एक खराब परिस्थिति थी, जो उनके नियंत्रण से बाहर थी। उन्होंने आलोचना पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें गलत ठहराना उचित नहीं है, क्योंकि यह नियमों के तहत लिया गया फैसला था और इन नियमों को उन्होंने नहीं बनाया है।
गॉफ की इस प्रतिक्रिया के बाद विवाद में उनका पक्ष भी सामने आ गया है। अब चर्चा केवल मुकाबले के परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल के दौरान तकनीकी व्यवधान और खिलाड़ियों के साथ सोशल मीडिया पर होने वाले व्यवहार को लेकर भी बहस तेज हो गई है।
चाइना ओपन के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में गॉफ ने चीन की सुन शिनरान को 7-5, 6-1 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। हालांकि, मैच का परिणाम सामने आने के बावजूद पहले सेट में हुई एक घटना चर्चा का केंद्र बन गई।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
