फिटनेस टेस्ट में फेल हार्दिक : इंग्लैंड वनडे सीरीज से पहले भारत के लिए बुरी खबर, विराट ने दी राहत

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या फिटनेस मानकों पर खरे नहीं उतर पाए हैं और इसी वजह से उन्हें सीरीज से बाहर कर दिया गया है। बीसीसीआई चयन समिति ने उनके मौजूदा फिटनेस स्तर और गेंदबाजी वर्कलोड को देखते हुए यह फैसला लिया है।
सूत्रों के अनुसार हार्दिक अभी 50 ओवर क्रिकेट की मांग के अनुरूप लगातार गेंदबाजी करने की स्थिति में नहीं हैं। वह लंबे स्पेल डालने में पूरी तरह सहज नहीं हैं, जिससे टीम मैनेजमेंट किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता।
रिहैब के दौरान दोबारा चोट बनी वजह
हार्दिक पंड्या बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब प्रक्रिया से गुजर रहे थे। आईपीएल 2026 के दौरान मुंबई इंडियंस के लिए खेलते समय उन्हें पीठ में ऐंठन (ठंबा ैचंेउ) की समस्या हुई थी, जिसके बाद उनकी रिकवरी पर काम चल रहा था। रिहैब के दौरान उन्होंने गेंदबाजी अभ्यास में 10 ओवर का स्पेल भी डाला था, जिससे उनकी वापसी की उम्मीद बढ़ी थी।
लेकिन इसी बीच उन्हें एक और चोट का झटका लगा। इससे पहले वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से भी बाहर हो चुके थे, जब उन्हें क्वाड्रिसेप्स (जांघ की मांसपेशी) में खिंचाव हुआ था। लगातार चोटों और बढ़ते वर्कलोड के कारण चयनकर्ताओं ने उन्हें आराम देने का फैसला किया है।
विराट कोहली की फिटनेस पर राहत की खबर
दूसरी ओर टीम इंडिया के लिए राहत भरी खबर विराट कोहली को लेकर सामने आई है। आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेलते समय कोहली को हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी, जिसके चलते वह अफगानिस्तान सीरीज से बाहर रहे।
अब उनकी रिकवरी तेजी से हो रही है और वह बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 22 जून को दोबारा फिटनेस आकलन के लिए पहुंचेंगे। सूत्रों के मुताबिक शुरुआती रिहैब प्रोग्राम सफल रहा है और उनकी वापसी की संभावना मजबूत हो गई है।
टीम मैनेजमेंट की नजर वर्ल्ड कप पर
भारतीय टीम मैनेजमेंट इस समय बड़े टूर्नामेंट्स को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों की फिटनेस पर खास ध्यान दे रहा है। अगले साल साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए प्रमुख खिलाड़ियों का पूरी तरह फिट रहना बेहद जरूरी माना जा रहा है।
रोहित शर्मा, विराट कोहली और हार्दिक पंड्या जैसे सीनियर खिलाड़ियों की फिटनेस टीम की रणनीति का अहम हिस्सा है। ऐसे में किसी भी खिलाड़ी को जल्दबाजी में मैदान पर उतारने की बजाय पूरी तरह फिट होने का समय दिया जा रहा है।
इंग्लैंड सीरीज से पहले टीम संयोजन पर असर
हार्दिक पंड्या के बाहर होने से इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम संयोजन पर असर पड़ना तय माना जा रहा है। चयनकर्ता अगले हफ्ते भारतीय टीम का ऐलान कर सकते हैं, जिसमें कुछ नए खिलाड़ियों को मौका मिलने की संभावना भी जताई जा रही है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
