मंगलवार, 7 जुलाई 202606:28:35 PM
Download App
Home/विदेश

विराट के मुरीद टेनिस सम्राट जोकोविच : भारत आकर साथ क्रिकेट खेलने जताई ख्वाहिश, कहा- वहीं सिखाएंगे वैटिंग तकनीक

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 07, 2026
08:09 AM
भारत आकर साथ क्रिकेट खेलने जताई ख्वाहिश, कहा- वहीं सिखाएंगे वैटिंग तकनीक

नई दिल्ली। टेनिस जगत के दिग्गज खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली के प्रति अपना सम्मान जताते हुए भारत आने की इच्छा व्यक्त की है। विंबलडन में शानदार प्रदर्शन कर रहे सर्बियाई खिलाड़ी ने कहा कि वह जल्द भारत आने की योजना बना रहे हैं और इस दौरान विराट कोहली के साथ क्रिकेट और टेनिस दोनों खेलना चाहेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार उन्हें क्रिकेट की बारीकियां भी सिखाएंगे।

विराट मेरे मेजबान बनें, यही चाहूंगा

जियोस्टार से बातचीत में जोकोविच ने कहा कि वह और विराट इस मुलाकात को लेकर चर्चा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि विराट केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के बड़े खेल सितारों में शामिल हैं। भारत आने पर वह चाहेंगे कि विराट उनके मेजबान बनें और उन्हें देश की संस्कृति तथा खास जगहों से रूबरू कराएं। जोकोविच ने कहा कि उनके मन में विराट और भारतीय क्रिकेट के लिए गहरा सम्मान है।

क्रिकेट सीख रहे हैं जोकोविच

जोकोविच ने बताया कि सर्बिया में क्रिकेट लोकप्रिय खेल नहीं है, लेकिन उनकी टीम के कुछ सदस्य ब्रिटेन से हैं और क्रिकेट के बड़े प्रशंसक हैं। इसी वजह से वह पिछले 10 से 15 वर्षों से इस खेल को समझने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि उनकी क्रिकेट तकनीक अभी भी पूरी तरह विकसित नहीं हुई है और उम्मीद है कि विराट कोहली उनकी बैटिंग तकनीक और बैट स्विंग को बेहतर बनाने में मदद करेंगे।

विंबलडन में रचा नया इतिहास

जोकोविच ने विंबलडन के चौथे दौर में रोमन सफीउलिन को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। इस जीत के साथ उन्होंने रोजर फेडरर के 105 पुरुष एकल मैच जीतने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए विंबलडन में सबसे ज्यादा एकल मुकाबले जीतने वाले खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। वह लगातार नौवीं बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं।

अपनी उपलब्धियों पर जोकोविच ने कहा कि विंबलडन उनके बचपन का सपना रहा है। दुनिया का नंबर एक खिलाड़ी बनना और इस टूर्नामेंट को जीतना उनकी सबसे बड़ी इच्छा थी, जो पूरी हुई। उन्होंने कहा कि सेंटर कोर्ट का माहौल और वहां की ऊर्जा उन्हें हर बार अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की प्रेरणा देती है। अब उनकी नजर एक और खिताब जीतकर अपने सुनहरे करियर में नया अध्याय जोड़ने पर है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें