गुरुवार, 3 सितंबर 202606:55:05 AM
Download App
Home/विदेश

नेपाल में तबाही का मंजर : अब तक 1,222 मौतें, 4,875 लापता, इसमें 600 विदेशी नागरिक, शवों की तलाश में अभियान जारी

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 03, 2026
05:53 AM
अब तक 1,222 मौतें, 4,875 लापता, इसमें 600 विदेशी नागरिक, शवों की तलाश में अभियान जारी

नई दिल्ली। नेपाल में बाढ़ और भीषण आपदा के बाद तबाही का मंजर लगातार गहराता जा रहा है। राहत, बचाव और शवों की तलाश का अभियान युद्धस्तर पर जारी है। नेपाल पुलिस के ताजा आंकड़ों के मुताबिक देशभर में अब तक 1,222 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 4,875 लोगों के लापता होने की सूचना दर्ज की गई है। लापता लोगों में 601 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

हर तरफ मौत और मलबे का मंजर

नेपाल पुलिस के अनुसार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में 7,892 पुलिसकर्मी राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। अभियान के दौरान 65 पुलिसकर्मी प्रभावित हुए हैं, जबकि 25 अभी संपर्क से बाहर बताए जा रहे हैं।

बरामद शवों में 406 पुरुष, 236 महिलाएं, 43 बालिकाएं और 34 बालक शामिल हैं। इसके अलावा 421 आंशिक मानव अंग और 82 ऐसे शव या अवशेष भी मिले हैं, जिनकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है। अधिकारियों के मुताबिक 882 शवों का अंतिम प्रबंधन किया जा चुका है।

हजारों लोग अब भी लापता

लापता लोगों में 2,924 नेपाली नागरिकों के बारे में उनके परिजनों ने आधिकारिक जानकारी दर्ज कराई है। वहीं 1,350 लोगों के लापता होने की सूचना सरकारी निकायों को फोन के माध्यम से दी गई है। इसके अलावा 601 विदेशी नागरिकों के लापता होने की जानकारी भी दर्ज है। आंकड़े बढ़ने की आशंका के बीच तलाशी अभियान लगातार जारी है।

6,006 लोगों को बचाया गया

बचाव दलों ने अब तक 6,006 लोगों को घायल अवस्था में रेस्क्यू किया है। इनमें 4,666 पुरुष, 1,213 महिलाएं और 45 नाबालिग शामिल हैं। इसके अलावा 675 विदेशी नागरिकों को भी सुरक्षित निकाला गया है। राहत केंद्रों में फिलहाल 3,126 लोगों को रखा गया है।

डीएनए से होगी मृतकों की पहचान

आपदा में जान गंवाने वालों की पहचान के लिए डीएनए जांच का सहारा लिया जा रहा है। नेपाल पुलिस ने 553 अज्ञात शवों की जानकारी अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई है। अब तक 1,022 मृतकों और 463 परिजनों के डीएनए नमूने लिए जा चुके हैं। डीएनए प्रक्रिया में कुल 1,655 नमूने दर्ज किए गए हैं।

नेपाल पुलिस के मुताबिक प्रभावित इलाकों में खोज, बचाव, शव बरामदगी, पहचान और राहत का अभियान लगातार जारी है। हजारों परिवार अब भी अपनों की तलाश में हैं और मलबे के बीच हर गुजरते घंटे के साथ उम्मीद और चिंता दोनों बढ़ रही हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें