यूपी राज्यसभा चुनाव में बिना वोटिंग के फैसला : भाजपा के 8 और सपा के 2 उम्मीदवार पहुंचे उच्च सदन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में राज्यसभा चुनाव को लेकर तस्वीर स्पष्ट हो गई है। प्रदेश की सभी 10 सीटों पर किसी तरह का टकराव न होने से सभी प्रत्याशी निर्विरोध संसद के उच्च सदन यानि राज्यसभा पहुंच गए। इनमें आठ भाजपा और 2 सपा सांसद है। बता दें कि राज्यसभा की 10 सीटों के लिए कुल 10 उम्मीदवार ही मैदान में होने के कारण मतदान कराने की जरूरत नहीं पड़ी। इस तरह बिना किसी मुकाबले के सभी प्रत्याशी राज्यसभा पहुंच गए।
भाजपा के उम्मीदवार पहुंचे उच्च सदन
उत्तर प्रदेश से भाजपा के आठ उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इनमें विद्यासागर सोनकर, प्रियंका सिंह रावत, गोपी कृष्ण पांडे, धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, रामप्रताप सिंह चैहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं।
भाजपा ने अपने सभी आठ उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित कराकर राज्य से राज्यसभा में अपनी उपस्थिति मजबूत की है। चुनाव में मतदान की नौबत नहीं आने से पूरी प्रक्रिया बिना किसी मुकाबले के संपन्न हो गई।
सपा के रामगोपाल यादव और धनराज नथवानी भी निर्विरोध चुने गए
समाजवादी पार्टी की ओर से प्रोफेसर रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। रामगोपाल यादव सपा के वरिष्ठ नेताओं और रणनीतिकारों में गिने जाते हैं, जबकि धनराज नथवानी कारोबारी जगत से जुड़े प्रमुख चेहरे हैं। दोनों उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचन से सपा को उत्तर प्रदेश से राज्यसभा में दो प्रतिनिधि मिले हैं। चुनाव में किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में नहीं होने के कारण दोनों को बिना मतदान के जीत हासिल हुई।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
