उज्जैन में युवा शक्ति का महामंथन : युवा धर्म संसद के छठे संस्करण में संघ प्रमुख युवाओं से व्यक्ति और राष्ट्र निर्माण पर करेंगे संवाद

उज्जैन। उज्जैन के गीता भवन में गुरुवार से दो दिवसीय युवा धर्म संसद का आयोजन किया जा रहा है। धर्म के छठवें संस्करण का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत करेंगे, जबकि समापन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में होगा। राष्ट्रीय संगोष्ठी में डाॅ. भागवत और डाॅ. सीएम यादव समाज, व्यक्ति निर्माण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों युवाओं से संवाद करेंगे।
आयोजन मध्यप्रदेश युवा आयोग, आईसीपीआर, भारत ज्ञान संस्थान सहित विभिन्न राष्ट्रीय संस्थानों के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम में स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज, गोस्वामी पुंडरीक जी महाराज, गीतकार एवं लेखक मनोज मुंतशिर, आईआईएम इंदौर के निदेशक श्रीमान शुराय सहित देशभर से विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ वक्ता शामिल होंगे।

संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘व्यक्ति और राष्ट्र निर्माण के बीच संतुलन’ रखा गया है। इसके माध्यम से यह विचार-विमर्श होगा कि भारतीय युवाओं का व्यक्तित्व निर्माण भारतीय तत्वों, संस्कारों और मूल्यों के आधार पर किस प्रकार किया जाए। साथ ही युवा अपने व्यक्तिगत विकास के साथ राष्ट्र निर्माण को अपनी जिम्मेदारी के रूप में किस तरह स्वीकार कर सकते हैं, इस पर भी चर्चा होगी।
संगोष्ठी में स्वामी विवेकानंद द्वारा भारतीय युवा और भारतीय धर्म की विश्व के सामने प्रस्तुत की गई व्याख्या तथा वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। व्याख्यानों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र भी होंगे, जिसमें युवा सीधे विशेषज्ञ वक्ताओं से संवाद कर सकेंगे। दो दिवसीय आयोजन में युवाओं के विचार, सवाल और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका प्रमुख केंद्र में रहेगी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
