काम ही सबसे बड़ी ताकत, : बिग बी ने जिम्मेदारियों को लेकर साझा किए प्रेरणादायक अनुभव, द्वितीय विश्व युद्ध पर भी रखी राय

मुंबई। बिग बी अमिताभ बच्चन ने एक बार फिर अपने ब्लाॅग के जरिए जिंदगी, काम और जिम्मेदारियों को लेकर प्रेरणादायक अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने प्रेरणादायक विचार साझा करते हुए कहा कि व्यक्ति जब अपने काम में पूरी तरह से लीन हो जाता है तो जीवन की कई चिंताएं स्वयं ही पीछे छूट जाती हैं।
अपने ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने लिखा कि दिनभर का काम पूरा होने के बाद अब खुद पर काम करने का समय होता है। उन्होंने कहा कि जब इंसान काम में व्यस्त रहता है तो वही उसकी अधिकांश चिंताओं का समाधान बन जाता है। लेकिन जैसे ही काम रुकता है, बाकी परेशानियां भी सामने आने लगती हैं। उन्होंने सभी से लगातार सक्रिय रहने और अपने लक्ष्य पर ध्यान बनाए रखने की अपील की।
द्वितीय विश्व युद्ध की डॉक्यूमेंट्री ने सोचने पर किया मजबूर
इससे पहले अमिताभ बच्चन ने हॉलीवुड अभिनेता टॉम हैंक्स की आवाज में बनी द्वितीय विश्व युद्ध पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री देखने का अनुभव भी साझा किया था। उन्होंने लिखा कि इस डॉक्यूमेंट्री ने युद्ध की भयावहता और उसकी निरर्थकता को गहराई से महसूस कराया। उनके मुताबिक, लाखों निर्दोष लोगों की मौत और शहरों की तबाही आखिरकार इस सवाल को जन्म देती है कि युद्ध से वास्तव में हासिल क्या होता है।

उन्होंने कहा कि अक्सर किसी एक व्यक्ति की महत्वाकांक्षा, अहंकार या गलत फैसलों का खामियाजा पूरी मानवता को भुगतना पड़ता है। युद्ध में हथियारों, हिंसा और विनाश के बीच सबसे अधिक पीड़ा आम नागरिकों और सैनिकों को झेलनी पड़ती है। अमिताभ ने यह भी लिखा कि द्वितीय विश्व युद्ध ने भले ही एक बड़े अत्याचार का अंत किया, लेकिन इसके बाद दुनिया को शीत युद्ध और परमाणु हथियारों जैसी नई चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
80 की उम्र के बाद भी लगातार सक्रिय हैं बिग बी
फिल्मी मोर्चे पर भी अमिताभ बच्चन पूरी ऊर्जा के साथ काम कर रहे हैं। 80 वर्ष की उम्र पार करने के बावजूद वह अपनी आगामी फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हैं। इन दिनों वह निर्देशक नाग अश्विन की बहुचर्चित फिल्म श्कल्कि 2898 एडीश् के सीक्वल पर काम कर रहे हैं। इस मेगा बजट साइंस-फिक्शन फिल्म में प्रभास, कमल हासन, दीपिका पादुकोण और दिशा पाटनी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का पहला भाग भविष्य की एक डिस्टोपियन दुनिया पर आधारित था, जहां कल्कि अवतार से जुड़ी एक महत्वपूर्ण कहानी को बड़े पैमाने पर प्रस्तुत किया गया था।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
