राज्यसभा चुनावः : भाजपा उम्मीदवारों ने भरा नामांकन, मौजूद रहे सीएम समेत पार्टी के दिग्गज, राकेश सिंह के बयान से बढ़ेगी कांग्रेस की धड़कनें

भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई हैं। दलों ने अपनी-अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को भाजपा उम्मीदवार तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान विधानसभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवालन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा, मंत्री प्रहलाद पटेल के अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ विधायक और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
नामांकन से पहले दोनों उम्मीदवारों ने भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं के साथ विधानसभा पहुंचे और रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। वहीं नामांकन से पहले प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और दोनों प्रत्याशी भाजपा कार्यालय स्थित शिव एवं हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर जीत का आशीर्वाद लिया। इसके बाद सभी नेता विधानसभा के लिए रवाना हुए।
राकेश सिंह के बयान से बढ़ा सस्पेंस
हालांकि, नामांकन प्रक्रिया के बीच सबसे ज्यादा चर्चा तीसरी राज्यसभा सीट को लेकर चल रही संभावनाओं की हो रही है, जिसने प्रदेश की राजनीति में नया रोमांच पैदा कर दिया है। तीसरी सीट को लेकर जब लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह से सवाल किया गया तो उन्होंने बेहद रहस्यमयी अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, “किसने कहा कि हम चुनाव लड़ रहे हैं और किसने कहा कि नहीं लड़ रहे हैं? थोड़ा समय का इंतजार कीजिए।”
राकेश सिंह के इस बयान ने राजनीतिक अटकलों को और हवा दे दी है। फिलहाल भाजपा ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन संकेत साफ हैं कि राज्यसभा चुनाव के पहले मध्यप्रदेश की राजनीति में कोई बड़ा घटनाक्रम सामने आ सकता है।
तीसरी सीट पर भाजपा की नजर
राजनीतिक गलियारों में सबसे अधिक चर्चा इस बात की है कि भाजपा तीसरी राज्यसभा सीट पर भी अपना उम्मीदवार उतार सकती है। सूत्रों के अनुसार पार्टी इस संभावना पर गंभीरता से विचार कर रही है। यदि ऐसा होता है तो मुकाबला सीधे कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन से होगा, जिन्हें कांग्रेस ने अपने कोटे की सीट के लिए मैदान में उतारा है।
भाजपा का यह संभावित कदम कांग्रेस के लिए चुनौती बन सकता है। माना जा रहा है कि यदि तीसरी सीट पर चुनावी मुकाबला हुआ तो विधायकों की एकजुटता और दलगत अनुशासन दोनों दलों के लिए अहम परीक्षा साबित होंगे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
