विधानसभा चुनाव : भाजपा का फोकस अब सरकार गठन पर, शाह को बंगाल तो असम में नड्डा चुनेंगे विधायक दल का नेता

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद अब दोनों राज्यों में नई सरकार के गठन की तैयारी तेज हो गई है। इसी क्र में भाजपा ने विधायक दल का नेता चुनने के लिए केन्द्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है। भाजपा ने जहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पश्चिम बंगाल केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को असम का केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इन दोनों दिग्गज नेताओं के साथ-साथ दो राज्यों के मौजूदा मुख्यमंत्रियों को भी बतौर सह-पर्यवेक्षक जोड़ा गया है, ताकि स्थानीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए सही फैसला लिया जा सके।
अमित शाह और ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी मिलकर राज्य में विधायक दल की बैठक और नेतृत्व चयन की प्रक्रिया को पूरा कराएंगे। इसकी जानकारी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से प्रेस विज्ञप्ति के जरिए दी गई है। इसमें बताया गया है कि पश्चिम बंगाल में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक और ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
असम में जेपी नड्डा के साथ कौन करेगा नेतृत्व का अंतिम फैसला?
असम में भी भाजपा ने अपने संगठन को एकजुट रखने और एक योग्य नेता के चुनाव के लिए कड़े और ठोस कदम उठाए हैं। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को असम में पार्टी के विधायी दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है।
बंगाल में भाजपा को 206 सीट पर मिली प्रचंड जीत
बता दें कि पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए भाजपा पहली बार सरकार बनाने जा रही है। चुनाव आयोग के मुताबिक, बंगाल में भाजपा को 207 सीटें मिली है, जबकि ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पार्टी को 80 सीटों पर जीत मिली है। इसके अलावा कांग्रेस को दो, सीपीआई (एम) को एक सीट मिली है।
भाजपा ने असम में लगाई जीत की हैट्रिक
असम में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जीत की हैट्रिक लगाई है। एनडीए ने 126 विधानसभा सीटों में 102 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा ने 82 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि उसके सहयोगी दलों बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) और असम गण परिषद (एजीपी) को 10-10 सीट पर जीत मिली है। वहीं कांग्रेस पार्टी को 19 सीटों पर जीत मिली है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
