बंगाल में खूनी साजिश! : बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के PA को घेरकर बरसाईं गोलियां, हत्यारों ने मिटाए हर सबूत, फर्जी नंबर प्लेट और डिलीट चेसिस नंबर से खुला खौफनाक प्लान

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह हमला पूरी तरह सुनियोजित था और हत्यारों ने पुलिस को चकमा देने के लिए हर स्तर पर तैयारी कर रखी थी। जिस छोटी कार से रथ की गाड़ी को रोका गया, उस पर लगी नंबर प्लेट नकली निकली। इतना ही नहीं, कार का चेसिस नंबर और इंजन नंबर तक मिटा दिया गया था ताकि वाहन की असली पहचान सामने न आ सके।
पुलिस के मुताबिक बुधवार रात करीब 10:30 बजे उत्तरी 24 परगना जिले के दोहरिया इलाके में चंद्रनाथ रथ की कार को पहले एक छोटी चारपहिया गाड़ी ने ओवरटेक कर रोका। इसके तुरंत बाद बाइक सवार हमलावर वहां पहुंचे और बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इलाके में गोलियों की आवाज से अफरा-तफरी मच गई और हमलावर कुछ ही सेकंड में फरार हो गए।
CCTV में कैद हुई संदिग्ध गाड़ी
जांच एजेंसियों को आसपास लगे CCTV कैमरों में संदिग्ध छोटी कार दिखाई दी है, जो घटना के बाद मध्यमग्राम की ओर जाती नजर आई। पुलिस ने उस कार को जब्त कर लिया है, लेकिन जांच में पता चला कि उस पर लगा नंबर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी निवासी एक चाय बागान कर्मचारी की गाड़ी का था। असली कार मालिक को रात में पुलिस का फोन आने के बाद पूरे मामले की जानकारी मिली। बाद में पुलिस ने उसकी कार और दस्तावेजों की जांच कर उसे छोड़ दिया।
हेलमेट पहनकर आए शूटर, 10 राउंड तक फायरिंग
जांच अधिकारियों का मानना है कि हत्या में पेशेवर शूटर या सुपारी किलर्स शामिल हो सकते हैं। हमलावर हेलमेट पहने हुए थे और बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कर रहे थे। घटनास्थल से खाली कारतूस और जिंदा गोलियां बरामद हुई हैं। पुलिस का अनुमान है कि हमलावरों ने छह से दस राउंड फायरिंग की।
कई टीमें जांच में जुटीं, मकसद अब भी रहस्य
राज्य पुलिस, CID और फोरेंसिक टीम लगातार जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है, लेकिन जिस तरीके से पूरी वारदात को अंजाम दिया गया, उससे साफ है कि अपराधियों ने लंबे समय तक इसकी प्लानिंग की थी। इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर सहमे हुए हैं।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
