गुरुवार, 3 सितंबर 202605:31:37 AM
Download App
Home/देश

दिशा सालियान की मौत का खुलेगा राज! : बाॅबे हाईकोर्ट के फैसले से 6 साल बाद बदला केस का रुख, पुराने रिकार्ड भी खंगालेगी सीबीआई

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 02, 2026
07:15 AM
बाॅबे हाईकोर्ट के फैसले से 6 साल बाद बदला केस का रुख, पुराने रिकार्ड भी खंगालेगी सीबीआई

मुंबई। दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। करीब छह साल पुराने इस मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने बड़ा आदेश देते हुए जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने केंद्रीय एजेंसी को एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच आगे बढ़ाने के साथ दिशा के पिता सतीश सालियान का बयान दर्ज करने को भी कहा है।

पिता ने उठाए थे जांच पर सवाल

दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर अपनी बेटी की मौत की नए सिरे से जांच की मांग की थी। उनका कहना था कि दिशा की मौत को लेकर पहले हुई जांच में कई सवाल अनसुलझे रह गए। उन्होंने मामले में एफआईआर दर्ज करने और जांच सीबीआई को सौंपने की मांग की थी।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद अब मामले की जांच नए सिरे से शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। पहले की जांच से जुड़े दस्तावेज और रिकॉर्ड भी केंद्रीय एजेंसी को सौंपे जाएंगे।

‘6 साल से इस फैसले का इंतजार था’

दिशा के पिता सतीश सालियान ने कोर्ट के फैसले पर संतोष जताते हुए कहा कि वह पिछले छह वर्षों से इस दिन का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि CBI उनकी बेटी की मौत की परिस्थितियों की गहराई से जांच करेगी। पिता का कहना है कि वह अपनी बेटी को खो चुके हैं और अब उन्हें जांच से सच सामने आने की उम्मीद है।

8 जून 2020 को हुई थी दिशा की मौत

दिशा सालियान की मौत 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक इमारत से गिरने के बाद हुई थी। उस समय उनकी उम्र 28 वर्ष थी। वह सेलिब्रिटी मैनेजर के तौर पर काम करती थीं और कुछ समय तक सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर भी रही थीं।

दिशा की मौत के कुछ ही दिनों बाद, 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत भी मुंबई स्थित अपने आवास पर मृत पाए गए थे। दोनों घटनाओं के बीच कम अंतर होने के कारण दिशा की मौत को लेकर भी कई सवाल और चर्चाएं सामने आई थीं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें