दशहरे पर MP में शस्त्र पूजन कार्यक्रम : मुख्यमंत्री इंदौर में करेंगे पूजा, मंत्रियों को जिलों की जिम्मेदारी

भोपाल। विजयादशमी के अवसर पर मध्यप्रदेश में शस्त्र पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 अक्टूबर को इंदौर में शस्त्र पूजन करेंगे। प्रदेश के विभिन्न जिलों में होने वाले कार्यक्रमों के लिए मंत्रियों को मुख्य अतिथि के रूप में नामांकित किया गया है। जिन जिलों में मंत्री शामिल नहीं होंगे, वहां संबंधित जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक शस्त्र पूजन करेंगे। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। राज्य शासन ने आम नागरिकों से भी अपने-अपने घरों में शस्त्र पूजन करने की अपील की है।
शक्ति, साहस और राष्ट्र रक्षा का प्रतीक है शस्त्र पूजन
विजयादशमी पर शस्त्र पूजन की परंपरा बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में शस्त्रों को शक्ति, साहस, आत्मरक्षा और धर्म की रक्षा से जोड़कर देखा जाता है। मान्यता है कि भगवान श्रीराम ने रावण का वध करने से पहले अस्त्र-शस्त्रों की पूजा की थी। इसी परंपरा के तहत दशहरे पर शस्त्र पूजन कर अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प लिया जाता है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि शस्त्र पूजन देश की सैन्य शक्ति, सुरक्षा और स्वतंत्रता के प्रति सम्मान का प्रतीक है। भारतीय सेना, पुलिस और सुरक्षा बलों में भी यह परंपरा वीरता, आत्मरक्षा और राष्ट्र की रक्षा के संकल्प से जुड़ी है।
इन जिलों में मंत्री करेंगे शस्त्र पूजन
राज्य शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर में, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ग्वालियर में, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मंदसौर में और उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल रीवा में शस्त्र पूजन करेंगे।
मंत्री कुंवर विजय शाह खंडवा, कैलाश विजयवर्गीय धार, प्रहलाद सिंह पटेल नरसिंहपुर, राकेश सिंह जबलपुर, करण सिंह वर्मा सीहोर, उदय प्रताप सिंह नर्मदापुरम, संपतिया उइके मंडला, तुलसीराम सिलावट देवास, एदल सिंह कंषाना मुरैना, निर्मला भूरिया झाबुआ, गोविंद सिंह राजपूत सागर, विश्वास कैलाश सारंग भोपाल, नारायण सिंह कुशवाह दतिया, नागर सिंह चौहान अलीराजपुर, राकेश शुक्ला भिंड और इंदर सिंह परमार शाजापुर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
राज्यमंत्रियों को भी सौंपी गई जिम्मेदारी
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर विदिशा, धर्मेंद्र सिंह लोधी दमोह, दिलीप जायसवाल अनूपपुर, गौतम टेटवाल राजगढ़, लखन पटेल कटनी और नारायण सिंह पंवार आगर मालवा में शस्त्र पूजन करेंगे। वहीं राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल रायसेन, प्रतिमा बागरी सतना, दिलीप अहिरवार छतरपुर और राधा सिंह सिंगरौली में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगी।
कलेक्टर-एसपी करेंगे व्यवस्थाएं सुनिश्चित
शस्त्र पूजन कार्यक्रमों की सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। शासन की मंशा है कि विजयादशमी पर होने वाले इन आयोजनों के माध्यम से प्रदेश में शौर्य, सुरक्षा, कर्तव्य और राष्ट्र रक्षा के प्रति सम्मान का संदेश दिया जाए।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
