बुधवार, 10 जून 202610:39:02 PM
Download App
Home/देश

मोदी सरकार के 12 साल : पीएम की ऐतिहासिक उपलब्धि पर सीएम ने दी बधाई, सराहा कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता को

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 10, 2026
10:57 AM
पीएम की ऐतिहासिक उपलब्धि पर सीएम ने दी बधाई, सराहा कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता को

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें प्रदेशवासियों की ओर से बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्र भारत के इतिहास में निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक देशसेवा करने का नया रिकॉर्ड बनाया है। यह देश के लिए गौरव का विषय है और हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता और जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए देश को नई दिशा दी है। उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

गुफा मंदिर में हनुमान चालीसा का आयोजन

प्रधानमंत्री के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल स्थित गुफा मंदिर में आयोजित हनुमान चालीसा एवं प्रार्थना कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने भगवान हनुमान का पूजन-अर्चन कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में भोपाल सांसद आलोक शर्मा, रविन्द्र यति सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

जनसेवा और सुरक्षा को बताया सरकार की बड़ी उपलब्धि

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के भीतर जनसेवा और सीमा पर सुरक्षा दोनों मजबूत हुई हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों गरीब परिवारों को आवास, मुफ्त राशन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है। सरकार की विभिन्न योजनाओं के कारण बड़ी संख्या में लोग गरीबी से बाहर निकलकर सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन सादगी, समर्पण और कर्मयोग का उदाहरण है। वे लगातार देश को आत्मनिर्भर और विश्व में अग्रणी बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं।

‘जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं’

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर निर्माण संभव हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर दिखाती है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ देश आगे बढ़ रहा है।

मप्र को मिल रहा निरंतर सहयोग

सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, डिजिटल नवाचार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से मध्यप्रदेश को लगातार नई परियोजनाओं और विकास कार्यों का लाभ मिल रहा है, जिससे प्रदेश तेजी से प्रगति की ओर बढ़ रहा है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें