उमरिया बलराम कृषि महोत्सव : सीएम मोहन ने हर खेत तक पानी पहुंचाने का किया ऐलान, चौपाल लगाकर अधिकारी दिलाएंगे योजनाओं का लाभ

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसानों की आय बढ़ाने और खेती को आधुनिक बनाने के लिए राज्य सरकार कृषि क्षेत्र में तकनीक, सिंचाई और खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा दे रही है। कृषक कल्याण वर्ष के दौरान किसानों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने के साथ खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। बुधवार को मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उमरिया में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए नई कृषि तकनीक और प्रसंस्करण सुविधाओं का विस्तार जरूरी है।
हर खेत तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी खेती के लिए पर्याप्त सिंचाई सुविधा सबसे जरूरी है। राज्य सरकार ने हर गांव और हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने का संकल्प लिया है। इसी क्रम में किसानों को दिन के समय 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इससे किसानों को रात में सिंचाई करने की परेशानी से राहत मिलेगी और खेती की लागत व प्रबंधन में भी सुविधा होगी।
उन्होंने किसानों से धान और श्रीअन्न फसलों के उपार्जन के लिए समय पर पंजीयन कराने को कहा, ताकि उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि गांव-गांव किसान चौपाल आयोजित कर पात्र किसानों को योजनाओं की जानकारी दी जाए और उनका लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
खेती के साथ पशुपालन और प्रसंस्करण पर जोर
डॉ. यादव ने किसानों से खेती के साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण और जैविक-प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए एक ही गतिविधि पर निर्भर रहने के बजाय आय के कई स्रोत विकसित करना जरूरी है। पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और उद्यानिकी जैसी गतिविधियां किसानों को अतिरिक्त आमदनी दे सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उमरिया में जल्द ही एक बड़ी खाद्य प्रसंस्करण इकाई शुरू होगी। इससे स्थानीय कृषि उपज को बाजार मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने पंचायत स्तर पर दुग्ध संकलन समितियों के पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
कस्टम हायरिंग सेंटर और सौर पंप का लाभ लें किसान
मुख्यमंत्री ने किसानों से कस्टम हायरिंग सेंटर और सौर पंप सहित कृषक कल्याण योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उनका कहना था कि आधुनिक कृषि यंत्र और तकनीक अपनाने से खेती का काम आसान होगा तथा उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से किसानों को उन्नत तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
