देवास में पीएम मोदी का ‘सेवा संवाद’ : सीएम मोहन ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों को दी सौगात, की बड़ी घोषणाएं भी

देवास। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को देवास जिले के पुंजापुरा में सेवा संकल्प बाइक यात्रा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली जुड़े और राइडर्स से संवाद किया। राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव भी मौजूद रहे। इस दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 35.42 लाख हितग्राहियों के खातों में 212.57 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कर्णावद पुलिस सहायता केंद्र को पुलिस थाने में बदलने की घोषणा की। साथ ही पुलिसकर्मियों के लिए आवास और शासकीय गोदाम के निर्माण के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पुलिस विभाग में 18 हजार पदों पर भर्ती की जा रही है और कुल 85 हजार नए पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है।

किसानों और महिलाओं की योजनाओं का किया उल्लेख
डॉ. यादव ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष के दौरान सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का विशेष ध्यान है। उन्होंने गेहूं खरीदी, लाड़ली बहना योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में स्कूल शिक्षा का बजट बढ़ाकर 38 हजार करोड़ रुपये किया गया है। सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप, साइकिल, किताबें और छात्रवृत्ति जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सेवा और जनसंवाद का संदेश लेकर आगे बढ़ रही यात्रा
सेवा संकल्प बाइक यात्रा 17 सितंबर को वाराणसी से शुरू हुई थी। यात्रा विभिन्न राज्यों के जिलों और गांवों से होकर वड़नगर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान सेवा, जनसंवाद और राष्ट्रीय एकता से जुड़े संदेशों को लोगों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऐसी यात्राएं उन्हें समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी का अहसास कराती हैं। पुंजापुरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
