युवाओं को सीएम मोहन की सौगात : अगले साल एक लाख से ज्यादा सरकारी भर्तियां, कृषि विभाग में 1500 पद भरेंगे”

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को वींद्र भवन में किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के पदोन्नत शासकीय सेवकों द्वारा आयोजित अभिनंदन एवं आभार कार्यक्रम को संबोधित किया। सीएम ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान ई-विकास, डिजिटल कृषि और भावांतर भुगतान योजना पर कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया। कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को प्रतीक स्वरूप हल भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम युवाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। अब तक 85 हजार से अधिक शासकीय पदों पर युवाओं को नौकरी दी जा चुकी है। अगले वर्ष एक लाख से अधिक पदों पर नई भर्ती का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि कृषि विभाग के अंतर्गत मंडी बोर्ड में 600 मंडी निरीक्षक, 50 उपयंत्री, 30 सचिव और 100 डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित 1,500 से अधिक पदों पर वर्ष 2026 में भर्ती पूरी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुकंपा नियुक्तियों की लंबित प्रक्रिया को भी जल्द समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
3,357 कर्मचारियों को मिली पदोन्नति
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिलने से उन्हें विशेष संतोष है। उन्होंने कहा कि एक दशक से अधिक समय तक इंतजार के बावजूद विभागीय अमले ने अपने काम के प्रति समर्पण में कमी नहीं आने दी।
राज्य सरकार ने एक साथ 3,357 शासकीय सेवकों को पदोन्नति का लाभ दिया है। इनमें किसान कल्याण एवं कृषि विभाग के 1,725, मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के 1,439, कृषि अभियांत्रिकी के 149, बीज प्रमाणीकरण के 36 और बीज निगम के 8 कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा 44 युवाओं को सहायक वर्ग-3 के पद पर अनुकंपा नियुक्ति पत्र भी दिए गए।
किसानों की मेहनत से बदली एमपी की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश को देश की फूड बास्केट बनाने में किसानों के साथ कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, निष्ठा और समर्पण की बड़ी भूमिका है। कृषि विभाग ने परंपरागत खेती से लेकर तकनीकी नवाचार और कृषि आधारित उद्योगों तक किसानों के साथ कदम से कदम मिलाकर काम किया है। उन्होंने कहा कि 'कृषि विभाग सिर्फ डिपार्टमेंट का नाम नहीं, यह डेवलपमेंट का भी नाम है। मध्यप्रदेश की सुख-समृद्धि का रास्ता कृषि से होकर जाता है और प्रदेश के माथे से बीमारू राज्य का कलंक हटाने में कृषि विभाग की अहम भूमिका रही है।
'योजनाओं को खेत की मेड़ तक पहुंचाता है कृषि अमला
सीएम मोहन यादव ने कहा कि सरकार की कृषि योजनाएं और नीतियां फाइलों तक सीमित न रहें, उन्हें खेत की मेड़ तक पहुंचाने का काम कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी करते हैं। किसानों को तकनीक, बाजार और सरकारी योजनाओं से जोडऩे में विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर कदम पर कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ खड़ी है। सभी विभागों में पदोन्नति के लिए विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक हर वर्ष कराने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि कर्मचारियों को लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
