सोमवार, 5 अक्टूबर 202611:05:17 PM
Download App
Home/देश

वीरांगना की जयंती पर सीएम मोहन की बड़ी सौगात : 52 गढ़ों के राजवंशजों का सम्मान; जनजातीय क्षेत्रों के लिए 161 करोड़ के छात्रावास, तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस

admin

admin

Oct 05, 2026
01:57 PM
52 गढ़ों के राजवंशजों का सम्मान; जनजातीय क्षेत्रों के लिए 161 करोड़ के छात्रावास, तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस

भोपाल। वीरांगना रानी दुर्गावती की 502वीं जयंती पर मध्यप्रदेश में इतिहास और विकास का संगम देखने को मिला। खंडवा जिले के हरसूद के छनेरा में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोंडवाना साम्राज्य के 52 गढ़ों के तत्कालीन राजशासकों के वर्तमान वंशजों को पहली बार सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती ने प्रजा के सुख को ही अपना धर्म माना और कृषि, जल प्रबंधन तथा आधारभूत सुविधाओं को मजबूत कर समृद्ध शासन की मिसाल कायम की। उन्होंने जीवन में 52 युद्ध लड़े और 51 में विजय हासिल की।

तेंदूपत्ता संग्राहकों को 21 करोड़ से ज्यादा का बोनस

मुख्यमंत्री ने खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, देवास और हरदा के 3 लाख 54 हजार से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों को 21 करोड़ 34 लाख रुपये से ज्यादा की बोनस राशि वितरित की। इनमें खंडवा के 32 हजार 846 संग्राहक भी शामिल हैं। इसके अलावा खंडवा वन मंडल की 56 संयुक्त वन प्रबंधन समितियों से जुड़े 26 हजार 400 से अधिक हितग्राहियों को 4 करोड़ 58 लाख रुपये का काष्ठ लाभांश दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक 750 रुपये से बढ़ाकर 4 हजार रुपये प्रति मानक बोरा किया है और शुद्ध लाभ का 75 प्रतिशत बोनस के रूप में दिया जा रहा है।

143 करोड़ के 18 विकास कार्यों की सौगात

समारोह में मुख्यमंत्री ने खंडवा जिले में करीब 143 करोड़ रुपये की लागत के 18 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें हाईस्कूल भवन, छात्रावास, खालवा का खेल परिसर और तीन सामुदायिक एवं सांस्कृतिक भवन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में विकास और शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।

हरसूद में नया कन्या छात्रावास, 40 छात्रावासों का निर्माण

मुख्यमंत्री ने हरसूद में 490 सीटों वाले नए कन्या छात्रावास की घोषणा की। खालवा क्षेत्र में छह सांदीपनि विद्यालय बनाए जाएंगे। करीब 161 करोड़ रुपये की लागत से 40 नए जनजातीय छात्रावास तैयार होंगे। छात्रावासों में भोजन बनाने की मशीनें, जल शीतक और ई-पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। आश्रम विद्यालयों के विकास के लिए 143 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि देने की भी घोषणा की गई।

रानी दुर्गावती से स्वाभिमान और प्रकृति संरक्षण की सीख

मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती साहस, स्वाभिमान और नारी शक्ति की प्रतीक थीं। उनके जीवन से राष्ट्र प्रथम, विपरीत परिस्थितियों में नेतृत्व, जल संरक्षण, जंगल और प्रकृति की रक्षा की सीख मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार इसी मार्ग पर चलते हुए जनजातीय समाज के विकास का नया अध्याय लिख रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में 85 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है और इसी वर्ष एक लाख करोड़ रुपये की लागत से जनकल्याण एवं विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक सुगम परिवहन, गरीबों के लिए हवाई एंबुलेंस और घायलों को अस्पताल पहुंचाने वालों के लिए राहवीर योजना जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें