बलराम जयंती पर ग्वालियर में किसान समागम, : सीएम मोहन बोले- जिसके हाथ में हल, वही देश का असली बल, किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल समेत चार नई पहल शुरू

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों के परिश्रम से ही मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। “जिसके हाथ में हल है, वही देश का असली बल है” का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ खेत से बाजार और बीज से निर्यात तक हर चरण में खड़ी है। मुख्यमंत्री बुधवार को ग्वालियर में बलराम जयंती महोत्सव एवं सहकारी किसान समागम को संबोधित कर रहे थे।
किसानों के लिए चार बड़ी शुरुआत
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में किसान कल्याण से जुड़ी चार महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ किया। इनमें ऑनलाइन किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल, शून्य प्रतिशत ब्याज वाली कृषि ऋण व्यवस्था का सरलीकरण, कृषक कवच योजना और 200 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं के कार्यालयों का शुभारंभ शामिल है। इसके साथ ही अपेक्स बैंक की ग्वालियर संभागीय शाखा भी शुरू की गई।
ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किसान अब घर बैठे किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन कर सकेंगे। वहीं नई ऋण व्यवस्था के तहत खरीफ और रबी के ऋण की अलग-अलग अदायगी की बाध्यता खत्म कर दी गई है। किसान अब अपनी सुविधा के अनुसार वर्ष में किसी भी समय ऋण चुका सकेंगे।
जिनके खाते अटके, उन्हें मिलेगा ‘किसान कवच’
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषक कवच योजना के माध्यम से उन किसानों को भी सरकारी योजनाओं और ऋण व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास होगा, जिनके खातों की जांच लंबित होने के कारण वे लाभ से वंचित थे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसी भी पात्र किसान को योजनाओं से दूर नहीं रहने देना है।
सिंचाई का रकबा 60 से बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य
डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में सिंचाई का क्षेत्रफल 60 लाख हेक्टेयर से अधिक हो चुका है। सरकार का लक्ष्य अगले ढाई वर्ष में इसे 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाना है। किसानों को सिंचाई के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने किसानों से पानी की हर बूंद का बेहतर उपयोग करने और प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि फसल उत्पादन के साथ ग्रेडिंग, प्रसंस्करण और पैकेजिंग को बढ़ावा देकर किसान सीधे बाजार से जुड़ें।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
