मंगलवार, 7 जुलाई 202606:21:57 PM
Download App
Home/देश

एआई पोस्टर से जीतू की बिगाड़ी जा रही छवि, : कांग्रेस ने लगाया गंभीर आरोप, एडीजी को ज्ञापन सौंप दोषियों पर एक्शन लेने की मांग

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 07, 2026
10:50 AM
कांग्रेस ने लगाया गंभीर आरोप, एडीजी को ज्ञापन सौंप दोषियों पर एक्शन लेने की मांग

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की छवि खराब करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल कर फर्जी पोस्टर तैयार और प्रसारित किए जाने का आरोप लगाया है। पार्टी ने इसे सुनियोजित दुष्प्रचार बताते हुए मामले की निष्पक्ष साइबर जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) को ज्ञापन सौंपा।

फर्जी बयान वायरल करने का आरोप

कांग्रेस का आरोप है कि सोशल मीडिया पर एक एआई-जनरेटेड पोस्टर वायरल किया गया, जिसमें एक समाचार पत्र के नाम और पहचान का दुरुपयोग करते हुए जीतू पटवारी के नाम से कथित बयान प्रसारित किया गया। पार्टी का कहना है कि यह बयान पूरी तरह झूठा और भ्रामक है तथा इसका उद्देश्य जनता को भ्रमित करना और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की राजनीतिक एवं सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाना है।

तीन लोगों की भूमिका का किया उल्लेख

ज्ञापन में कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर उपलब्ध तथ्यों का हवाला देते हुए जितेंद्र प्रताप सिंह, अजय सेंगर और रवि गुर्जर की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। पार्टी का आरोप है कि इन लोगों की फर्जी पोस्टर के निर्माण, प्रसार और दुष्प्रचार में संलिप्तता सामने आई है। कांग्रेस ने पुलिस से साइबर विशेषज्ञों के माध्यम से पूरे मामले की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग

प्रदेश कांग्रेस ने कहा कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत तत्काल एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए। पार्टी का कहना है कि सोशल मीडिया पर एआई तकनीक का दुरुपयोग कर फर्जी सामग्री फैलाने की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था और सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्तियों की साख को नुकसान पहुंचा रही हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर ऐसा संदेश दिया जाए, जिससे भविष्य में इस तरह के दुष्प्रचार और फर्जी एआई सामग्री के प्रसार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें