ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल : जीतू ने बड़े आंदोलन को किया ऐलान, बोले- ईसी पर दर्ज हो देशद्रोह का मामला

भोपाल। चुनाव आयोग के भीतर मुख्य चुनाव आयुक्त यानी सीईसी ज्ञानेश कुमार और दूसरे चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेद की खबरे सामने आई है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एसआईआर को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य आयुक्तों के बीच मतभेद रहे हैं। इतना ही नहीं ऐसा 14 बार हुआ है, जब चुनाव आयुक्त एक-दूसरे से असहमत रहे हैं। इन आरोपों के बाद विपक्ष ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ईसी के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने का ऐलान कर दिया है।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने गुरुवार को कहा है कांग्रेस सोमवार को भोपाल में चुनाव आयोग का घेराव करेगी। यही नहीं, जब तक ज्ञानेश कुमार को पद से नहीं हटाया जाता, तब तक कांग्रेस अपना प्रदर्शन जारी रखेगी। वहीं उन्होंने ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए यहां तक कहा कि ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।
कार्यकर्ताओं से आंदोलन में शामिल होने का आह्वान
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आंदोलन में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।
मंगलवार को सभी जिलों में प्रदर्शन
पटवारी ने बताया कि भोपाल के बाद मंगलवार को प्रदेश के सभी जिलों में कलेक्टर कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता जिला मुख्यालयों पर पहुंचकर अपनी मांगों और आपत्तियों को लेकर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को प्रदेशभर में उठाएगी और संगठन के विभिन्न स्तरों पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
