सलमान खान की फिल्म ‘काला हिरण’ : पर विवाद, हाईकोर्ट ने मांगा जवाब

नई दिल्ली | हाईकोर्ट ने अभिनेता सलमान खान को फिल्म ‘काला हिरण’ के निर्माता की ओर से दायर याचिका पर जवाब देने के लिए चार हफ्ते का समय दिया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होगी।

फिल्म के निर्माता ने उठाया अदालत के अधिकार क्षेत्र पर सवाल
दरअसल, फिल्म के प्रोड्यूसर ने कोर्ट में याचिका दायर कर मांग की है कि सलमान खान को फिल्म पर रोक लगाने के लिए दायर अपना मुकदमा वापस लेने का निर्देश दिया जाए। प्रोड्यूसर का कहना है कि दिल्ली की अदालत के पास इस मामले की सुनवाई करने का अधिकार नहीं है। इसी याचिका पर हाईकोर्ट ने सलमान खान से जवाब मांगा है।
पोस्टर और टीजर सामने आने के बाद शुरू हुआ विवाद
पूरा विवाद फिल्म का पोस्टर और टीजर सामने आने के बाद शुरू हुआ। सलमान खान का आरोप है कि फिल्म में एक ऐसा किरदार दिखाया गया है, जो काफी हद तक उनसे मिलता-जुलता है। उस किरदार के हाथ में सलमान जैसा मशहूर ब्रेसलेट भी नजर आता है। सलमान का कहना है कि उनकी इजाजत के बिना उनकी पहचान और पर्सनैलिटी का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे फिल्म को फायदा पहुंच सकता है।

1998 के काले हिरण मामले का भी जिक्र
फिल्म के टीजर में साल 1998 के काले हिरण शिकार मामले से जुड़े संदर्भ भी दिखाए गए हैं। यह वही मामला है, जिसमें सलमान खान का नाम सामने आया था। सलमान का कहना है कि फिल्म में उनके जीवन से जुड़े विवादों को कहानी का हिस्सा बनाया गया है और इसका इस्तेमाल फिल्म के प्रचार के लिए भी किया जा रहा है। उनका दावा है कि इससे उनकी छवि को नुकसान पहुंच सकता है।
निर्देशक ने कहा—सलमान खान पर आधारित नहीं है फिल्म
वहीं, फिल्म के निर्देशक भरत एस. श्रीनेत का कहना है कि यह फिल्म सलमान खान पर आधारित नहीं है। उनके मुताबिक, फिल्म का मुख्य किरदार काल्पनिक है और उसका नाम ‘अयान खान’ रखा गया है। निर्देशक ने यह भी कहा कि ब्रेसलेट सिर्फ सलमान खान ही नहीं पहनते और अभिनेता को सलमान जैसा दिखाने के लिए किसी तरह के प्रोस्थेटिक मेकअप का इस्तेमाल नहीं किया गया है।

पहले भी टीजर हटाने का दिया गया था आदेश
इससे पहले, 27 जुलाई को दिल्ली हाईकोर्ट ने सलमान खान की शिकायत पर फिल्म के टीजर और उससे जुड़ी कुछ प्रचार सामग्री के ऑनलाइन लिंक हटाने का अंतरिम आदेश दिया था। अब इस मामले में सलमान खान के जवाब के बाद आगे की सुनवाई होगी।
पलक गीते
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
