शनिवार, 10 अक्टूबर 202611:10:57 PM
Download App
Home/देश

जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट से पहले बड़ा एक्शन : दिल्ली पुलिस ने दीपके, दास और रांका को लिया हिरासत में, कई और प्रदर्शनकारी अरेस्ट

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 10, 2026
06:09 AM
दिल्ली पुलिस ने दीपके, दास और रांका को लिया हिरासत में, कई और प्रदर्शनकारी अरेस्ट

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर शनिवार को हलचल तेज हो गई। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद पार्टी के समर्थकों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। इस बीच, पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया है। वहीं प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

दिल्ली पहुंचते ही अभिजीत दीपके को हिरासत में लेने का दावा

सीजेपी के अनुसार, पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका शनिवार को विमान से दिल्ली पहुंचे थे। विमान के उतरते ही दिल्ली पुलिस के अधिकारी उसके अंदर पहुंचकर तीनों नेताओं को हिरासत में ले लिया। बताया गया कि पुलिस अधिकारियों और नेताओं के बीच बातचीत भी हुई, जिसके बाद उन्हें अपने साथ ले जाया गया।

पार्टी ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि नेताओं को प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए पहले से योजना बनाई गई थी। सीजेपी ने इसे आवाजाही की स्वतंत्रता का उल्लंघन बताया और तीनों नेताओं की तत्काल तथा बिना शर्त रिहाई की मांग की है।

जंतर-मंतर पर पुलिस की कार्रवाई, कई प्रदर्शनकारी हिरासत में

जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है। मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। इनमें ध्रुव राठी और सीजेपी की विधि प्रमुख रत्ना को भी हिरासत में लिए जाने की बात कही गई है। हालांकि, इन सभी की हिरासत से जुड़ी परिस्थितियों और आधिकारिक पुष्टि के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

45 मेट्रो स्टेशन के द्वार बंद

प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों के द्वार बंद रखे गए हैं। दिल्ली मेट्रो रेल निगम के अनुसार, ये प्रतिबंध शुक्रवार से लागू हैं और शनिवार शाम छह बजे तक जारी रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजधानी के संवेदनशील इलाकों में भी सतर्कता बढ़ाई गई है।

अनुमति नहीं मिलने पर दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?

दिल्ली पुलिस के अनुसार, सीजेपी की ओर से प्रदर्शन की अनुमति के लिए आवेदन सात अक्टूबर को मिला था, जबकि कार्यक्रम दस अक्टूबर को प्रस्तावित था। पुलिस का कहना है कि आवेदन निर्धारित समयसीमा के अनुसार नहीं दिया गया। इसके अलावा, पहले हुए प्रदर्शनों के दौरान नियमों के कथित उल्लंघन को भी अनुमति नहीं देने की वजह बताया गया है।

पुलिस ने यह भी कहा है कि नई दिल्ली क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू है। ऐसे में प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

फिलहाल, प्रदर्शन को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। एक ओर सीजेपी अपने नेताओं की रिहाई की मांग कर रही है, वहीं पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती बरत रही है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें