गुरुवार, 18 जून 202607:20:51 PM
Download App
Home/देश

मीनाक्षी के समर्थन में कांग्रेस का सत्याग्रह : दिग्गी-मीनाक्षी ने चरखा चलाकर जताया विरोध, पूर्व सीएम ने राम मंदिर चंदा घोटाले में सरकार को घेरा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 18, 2026
09:06 AM
दिग्गी-मीनाक्षी ने चरखा चलाकर जताया विरोध, पूर्व सीएम ने राम मंदिर चंदा घोटाले में सरकार को घेरा

भोपाल (दीपा श्रीवास्तव की रिपोर्ट)। राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त किए जाने के मुद्दे को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी है। चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ पार्टी चरणबद्ध आंदोलन चला रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को राजधानी भोपाल के रोशनपुरा चैराहे पर ‘लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह’ का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और मीनाक्षी नटराजन, पूर्व विधायक पीसी शर्मा समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधीवादी तरीके से अपना विरोध जताया। कार्यक्रम स्थल पर दिग्विजय सिंह और मीनाक्षी नटराजन ने चरखा चलाकर सूत काता। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे महात्मा गांधी के विचारों और अहिंसक संघर्ष की परंपरा से जोड़ते हुए लोकतंत्र की रक्षा का प्रतीक बताया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, जिसके विरोध में पार्टी सड़क से लेकर जनमंच तक अपनी आवाज बुलंद करेगी।

राम मंदिर चंदा घोटाले पर दिग्गी का बड़ा बयान

दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर चंदा घोटाले को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हम सबने राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया है, लेकिन जिस तरह के भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं, उससे हम आश्चर्यचकित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ज्ञानेश कुमार भी ट्रस्ट के सदस्य हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने चंदा चोरी के कथित मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए।

गूंजे गांधी जी के भजन

सत्याग्रह के दौरान माहौल पूरी तरह गांधीमय नजर आया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित गांधी जी के प्रिय भजनों का गायन किया। भजनों और प्रार्थनाओं के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, सत्य और अहिंसा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

आंदोलन जारी रखने का ऐलान

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा। पार्टी आगामी दिनों में भी चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी। नेताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें